बंगाल के 107 विधायक भाजपा में शामिल होने को तैयार

  • Follow Newsd Hindi On  

कोलकाता, 13 जुलाई (आईएएनएस)| भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता मुकुल रॉय ने शनिवार को दावा किया कि कांग्रेस, माकपा (सीपीआई-एम) और सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के कुल 107 विधायक भाजपा में शामिल होंगे।

रॉय ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “कम से कम 107 पश्चिम बंगाल के विधायक जो कि माकपा, कांग्रेस व तृणमूल कांग्रेस के सदस्य हैं, भाजपा में शामिल होंगे। हमारे पास उनकी सूची तैयार है और वे हमारे संपर्क में हैं।”


हालांकि, उन्होंने नेताओं के पाला बदलने का कोई निर्धारित समय या उक्त विधायकों के नामों के बारे में नहीं बताया।

2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा को भारी बढ़त मिली। इसके बाद तृणमूल कांग्रेस के पांच विधायक, जिनमें मुकुल के बेटे सुभ्रांशु रॉय (बीजापुर विधायक) भी शामिल हैं, भाजपा के पाले में आ गए। वहीं 60 से अधिक पार्षद भी भाजपा में शामिल हो गए।

भाजपा में शामिल होने वाले तृणमूल कांग्रेस के चार अन्य विधायक नोआपारा से सुनील सिंह, बोंगन से बिश्वजीत दास, लाबपुर से मनीरुल इस्लाम और कलचीनी विधानसभा सीट से विल्सन चंप्रामरी शामिल हैं।


इसके अलावा दो और विधायक कांग्रेस के तुषारकांति भट्टाचार्य और माकपा के देबेंद्र नाथ रॉय भी भाजपा में शामिल हो गए।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)