बर्मिघम-2022 में भारत लेगा हिस्सा : आईओए

  • Follow Newsd Hindi On  

नई दिल्ली, 30 दिसम्बर (आईएएनएस)| भारत बर्मिघम राष्ट्रमंडल खेल-2022 में हिस्सा लेगा। भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) ने सोमवार को अपनी वार्षिक आम बैठक के बाद इस बात का फैसला लिया है। साथ ही आईओए ने साफ कर दिया है कि वह 2026 और 2030 राष्ट्रमंडल खेलों में से किसी एक की मेजबानी हासिल करने की कोशिश करेगा। आईओए ने साथ ही भारतीय राइफल संघ (एनआरएआई) के अलग से राष्ट्रमंडल निशानेबाजी चैम्पियनशिप की मेजबानी के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में निशानेबाजी को शामिल नहीं किया गया है।

आईओए ने सोमवार को ट्वीट किया, “भारतीय ओलम्पिक संघ ने आज नई दिल्ली के ओलम्पिक भवन में अपनी वार्षिक आम बैठक का आयोजन किया। सभी ने साथ मिलकर कई मुद्दों पर चर्चा की जिसमें बर्मिघम राष्ट्रमंडल खेल-2022 में हिस्सा लेने का मुद्दा भी शामिल रहा।”


राष्ट्रमंडल खेल महासंघ (सीजीएफ) की अध्यक्ष डेम लुइसे मार्टिन ने कहा कि वह इस फैसले से खुश हैं।

उन्होंने कहा, “सीजीएफ और पूरा राष्ट्रमंडल खेल आयोजन इस बात से खुश है कि भारत ने 2022 में बर्मिघम में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा लेने के लिए हामी भर दी है।”

निशानेबाजी को बर्मिघम राष्ट्रमंडल खेलों में शामिल नहीं किए जाने के सीएजीएफ के फैसले का आईओए ने विरोध किया था और यहां तक कह दिया था कि भारत इन खेलों में हिस्सा नहीं लेगा।


 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)