Chandrayaan 2: चांद की सतह पर मिली लैंडर विक्रम की लोकेशन, संपर्क साधने की कोशिश कर रहा ISRO

  • Follow Newsd Hindi On  
Chandrayaan 2: चांद की सतह पर मिली लैंडर विक्रम की लोकेशन, संपर्क साधने की कोशिश कर रहा ISRO

बेंगलुरु। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने चंद्रयान-2 (Chandrayaan 2) के लैंडर विक्रम (Lander Vikram) का पता लगा लिया है। इसरो प्रमुख के. सिवन (K Sivan) ने रविवार को इसकी घोषणा की। सिवन ने कहा कि चंद्रमा का चक्कर लगा रहे ऑर्बिटर ने विक्रम की थर्मल तस्वीरें ली हैं। सिवन के मुताबिक हालांकि अभी विक्रम के साथ फिर से सम्पर्क नहीं हो सका है। इस सम्बंध में इसरो का प्रयास जारी है।

इसरो प्रमुख ने यह भी कहा कि इमेज से यह साफ नहीं हो सका है कि विक्रम चांद की सतह पर किस हालत में है। इसरो की FAC टीम यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर किन वजहों से लैंडर का संपर्क इसरो कमांड से टूट गया था।


मोदी ने निराश इसरो प्रमुख को गले लगाकर दी सांत्वना

इस सम्बंध में अधिक जानकारी देते हुए एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, “ऐसा प्रतीत होता है कि लैंडर चांद की सतह से तेजी से टकराया है और इस कारण वह पलट गया है। अब उसकी स्थिति ऊपर की ओर बताई जा रही है।”

उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी संभावना भी है कि इससे लैंडर टूट गया हो। चांद की परिक्रमा कर रहे चंद्रयान-2 के ऑर्बिटर ने विक्रम लैंडर की तस्वीरें भेजी हैं।

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार मध्यरात्रि में चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग के दौरान विक्रम का चंद्रमा के सतह से 2.1 किलोमीटर ऊंचाई पर इसरो से सम्पर्क टूट गया था। इसरो ने कहा था कि ऑर्बिटर पर लगा कैमरा किसी भी चंद्र मिशन में अब तक का हाईएस्ट रिजॉल्यूशन कैमरा (0.3 एम) है, और यह हाई रिजॉल्यूशन की तस्वीरें प्रदान करेगा, जो वैश्विक वैज्ञानिक समुदाय के लिए बेहद उपयोगी होगी।


बता दें कि इसरो के वैज्ञानिकों ने इससे पहले कहा था कि अगले 3 दिनों में विक्रम कहां और कैसे है, इसका पता चल सकता है।

(इनपुट: आईएएनएस से भी)


Chandrayaan 2 के लैंडर का नाम ‘विक्रम’ और रोवर का ‘प्रज्ञान’ क्यों, ISRO ने बताई वजह

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)