छत्तीसगढ़: जमानत पर छूटा था छेड़खानी का आरोपी, बाहर आते ही पीड़िता पर हंसिए से किया हमला

  • Follow Newsd Hindi On  
छत्तीसगढ़: जमानत पर छूटा था छेड़खानी का आरोपी, बाहर आते ही पीड़िता पर हंसिए से किया हमला

छेड़खानी के आरोप में जेल गए अपराधी का हौसला किस कदर बुलंद है इसका उदाहरण छत्तीसगढ़ में देखने को मिला। छत्तीसगढ़ के कोरबा में छेड़खानी और अश्लील हरकत करने के आरोपी ने शुक्रवार को पीड़ित महिला पर हमला कर दिया। आरोपी ने सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर महिला पर हंसिए से कई वार किए। आरोपी लंबे समय से महिला को परेशान कर रहा था।

मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। महिला को घायल हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गौरतलब है कि आरोपी कुछ दिन पहले ही जमानत पर जेल से छूटा था। आरोपी पर महिला का आपत्तिजनक वीडियो बनाकर वायलर करने का भी आरोप है।


लंबे समय से परेशान कर रहा था शख्स

बुधवारी बस्ती बजरंग चौक खपरापारा में रहने वाला इंद्रपाल टोंडे पिता श्यामसुंदर (40) पति से अलग एक बच्ची के साथ रहने वाली 32 साल की एक महिला के पीछे लंबे समय से लगा हुआ था। बताया जा रहा है कि परेशान होकर पीड़ित महिला मकान बदल लेती थी, पर वह भी आसपास क्षेत्र में ही किराए का मकान लेकर रहने लगता था। चार अक्टूबर को उसने आंगन में नहाते वक्त महिला का वीडियो मोबाइल में बना लिया और उसे अपने साथ रहने के लिए मजबूर करने लगा। महिला वीडियो डिलीट करने दबाव बनाई तो सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। इसकी शिकायत पुलिस से की गई और आइटी एक्ट के तहत इंद्रपाल की गिरफ्तारी की गई। जेल से छूटने के बाद से बदला लेने की फिराक में लगा था।

शुक्रवार की सुबह करीब 8.30 बजे महिला के घर जा धमका और विवाद करने लगा। इस बीच धारदार हंसिया से उसके चेहरे में कई बार वार कर बुरी तरह जख्मी कर दिया। महिला के चेहरे, गर्दन, नाक व कान में गंभीर चोटें आई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर गंभीर अवस्था में महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल में दाखिल कराया। वहीं आरोपित को हत्या के प्रयास के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है।


(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)