ट्यूमर से पीड़ित बच्ची की मदद को प्रियंका गांधी ने बढ़ाया हाथ

  • Follow Newsd Hindi On  

कहते हैं इंसानियत सबसे बड़ा धर्म है और इसी बात को मिसाल के तौर पर पेश किया है कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने। लोकसभा चुनाव के प्रचार की आपाधापी के बीच प्रियंका ने ट्यूमर से जूझ रही एक बच्ची की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाए हैं। प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को बच्ची की गंभीर हालत होने पर उसे तुरंत एक निजी विमान के जरिए उत्तर प्रदेश के प्रयागराज स्थित कमला नेहरू अस्पताल से दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराने भेजा।

क्या है पूरा मामला

खबरों के अनुसार प्रयागराज के कमला नेहरू अस्पताल में ट्यूमर से जूझ रही एक बच्ची इलाज के लिए पहुंची। लेकिन उसकी तबीयत में कोई सुधार नहीं पहुंचा। यह देख उसके आर्थिक रूप से कमजोर परिजन परेशान हो गए। इसके बाद उन्होंने बच्ची के इलाज में मदद के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा से सम्पर्क किया। वहीं मामले के संज्ञान में आते ही प्रियंका गांधी तुरंत बच्ची की मदद को आगे आईं।


आपको बता दें कि प्रियंका गांधी ने इलाहाबाद संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी योगेश शुक्ला के चुनाव प्रचार करने पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव शुक्ला, गुजरात कांग्रेस के नेता हार्दिक पटेल और पूर्व सांसद मोहम्मद अजहरुद्दीन को तत्काल प्रभाव से ट्यूमर से पीड़ित बच्ची को दिल्ली के एम्स अस्पताल में इलाज कराने का आदेश दिया। आनन-फानन में कांग्रेस नेताओं ने प्रचार को बीच में छोड़ बच्ची समेत उसके परिजनों को दिल्ली स्थित एम्स में इलाज के लिए ले जाने की कवायद शुरू की।

ट्यूमर से पीड़ित बच्ची की मदद को प्रियंका गांधी ने बढ़ाया हाथ

कांग्रेस पदाधिकारी जितेंद्र तिवारी ने बताया कि बीमार बच्ची को निजी विमान के जरिए उसके माता-पिता के साथ दिल्ली एम्स के लिए भेजा गया। उनके साथ मोहम्मद अजहरुद्दीन और हार्दिक पटेल भी गए हैं। उधर, राजीव शुक्ला शुक्रवार रात को ट्रेन से दिल्ली के लिए निकले हैं। उन्होंने बताया कि दिल्ली स्थित एम्स में खुद प्रियंका गांधी बच्ची के दाखिले के समय मौजूद रहेंगी।


गौरतलब है कि बीते फरवरी माह में प्रियंका के कांग्रेस महासचिव नियुक्त होने के बाद उन्होंने दिल्ली में एक झुग्गी बस्ती में रहने वाले 22 साल के आशीष नाम के एक दिव्यांग लड़के से उसके घर पहुंचकर मुलाकात की थी। आशीष की बहन ने बताया कि कई मौकों पर प्रियंका गांधी ने आशीष की मदद की है।

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)