चीनी किसानों का फसल उत्सव

  • Follow Newsd Hindi On  

बीजिंग, 22 सितम्बर (आईएएनएस)। 22 सितंबर ऐसा समय-बिंदु है जिसमें दिवस और रात्रि लगभग बराबर होते हैं। इस दिन चीन में ‘चीनी किसानों का फसल उत्सव’ मनाया जाता है। इस साल यह तीसरा फसल उत्सव है, और यह देश के किसानों के लिए विशेष रूप से बनाया गया पहला राष्ट्रीय त्योहार भी है। इस उत्सव का उद्देश्य किसानों और कृषि व ग्रामीण क्षेत्रों में काम करने वाले सैकड़ों लाखों लोगों का हौसला -अफजाई करना है, साथ ही उनके सम्मान, खुशी और लाभ की भावना में वृद्धि करना है।

दरअसल, इस उत्सव को मनाने की वजह चीन में ग्रामीण सुधार और विकास की महान उपलब्धियों को प्रदर्शित करना भी है। चीन में, पांच में से दो लोग ग्रामीण क्षेत्रों में रहते हैं। किसान चीनी आबादी का सबसे बड़ा हिस्सा हैं। उन्होंने क्रांति, निर्माण, सुधार और अन्य ऐतिहासिक कालखंडों में महान योगदान दिया है। यह कहा जा सकता है कि कृषि और ग्रामीण किसानों की समस्या राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था और लोगों की आजीविका से जुड़ा एक बुनियादी मुद्दा है। कृषि मजबूत है या नहीं, ग्रामीण क्षेत्र सुंदर है या नहीं, और किसान समृद्ध हैं या नहीं, इससे करोड़ों किसानों की उन्नति और खुशी की भावना निर्धारित होती है।


हाल के वर्षों में, चीनी किसानों का जीवन तेजी से बदल रहा है। साल 2020 की सरकारी कार्य रिपोर्ट में पिछले साल चीन के गरीबी उन्मूलन के रिपोर्ट कार्ड में देखा गया है कि ग्रामीण गरीब आबादी में 1.1 करोड़ की कमी आई है, गरीबी की दर घटकर 0.6 फीसदी रह गई है, और गरीबी उन्मूलन में निर्णायक उपलब्धियां हासिल हुई हैं।

इस साल चीन में कृषि उत्पादन ने कोविड-19 महामारी, देश के पूर्वोत्तर क्षेत्र में सूखा, यांगत्सी नदी में बाढ़, टाइफून आदि आपदाओं का सामना किया, इसके बावजूद देश शरद ऋतु की जोरदार फसल पाने की राह पर अग्रसर है। देखा जाए तो चीन ने कृषि, ग्रामीण क्षेत्रों और किसानों से संबंधित जो उपलब्धियां हासिल की हैं, वे न केवल संपूर्ण चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीसी) और देश के ठोस प्रयासों का परिणाम है, बल्कि सभी किसानों और कृषि और ग्रामीण क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों की कड़ी मेहनत का परिणाम भी है।

चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने फसल उत्सव के अवसर पर देश के किसानों और कृषि व ग्रामीण क्षेत्रों में काम करने वाले तमाम लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने किसानों और जमीनी स्तर पर काम करने वाले अधिकारियों की खूब सराहना की, जिन्होंने आपदाओं के खिलाफ लड़ाई लड़ी और पूरी आर्थिक और सामाजिक स्थिरता को बनाए रखने के लिए मजबूत समर्थन प्रदान करते हुए, बम्पर फसल को सुरक्षित करने का प्रयास किया। राष्ट्रपति शी ने पूरे समाज में एक माहौल को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया जहां कृषि, ग्रामीण क्षेत्रों और किसानों की देखभाल की जाए।


आजकल, मोबाइल फोन किसानों के लिए एक नया कृषि उपकरण बन गया है, और ग्रामीण ई-कॉमर्स और लाइव प्रसारण अर्थव्यवस्था धीरे-धीरे किसानों को सशक्त बना रहे हैं। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, साल 2019 के अंत तक, देश भर के प्रशासनिक गांवों में ऑप्टिकल फाइबर और 4जी पहुंच का अनुपात 98 प्रतिशत से अधिक हो गया है, और गरीब गांवों तक ब्रॉडबैंड पहुंच का अनुपात 99 फीसदी तक पहुंच गया है। यही नहीं, मार्च 2020 तक चीन में ग्रामीण इंटरनेट उपयोगकतार्ओं की संख्या 25.5 करोड़ तक पहुंच गई है, और ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट प्रवेश दर 46.2 प्रतिशत तक पहुंच गई है।

इसके अलावा, चीन जोरों के साथ कृषि मशीनरी विकसित भी कर रहा है और खेती के बुनियादी ढांचे का निर्माण भी कर रहा है, जिसने आधुनिक कृषि के विकास में सहायता करने की अपनी क्षमता में काफी सुधार किया है। चीन के कृषि उत्पादन के तरीकों में भी भारी बदलाव आया है, जहां पहले मुख्य रूप से मानव और पशु शक्ति पर निर्भर रहना पड़ता था, अब मुख्य रूप से यांत्रिक शक्ति पर निर्भर हो गया है।

(अखिल पाराशर, चाइना मीडिया ग्रुप)

–आईएएनएस

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)