UP: चुनाव आयोग ने गाजीपुर में EVM गड़बड़ी के आरोपों को नकारा

  • Follow Newsd Hindi On  
UP: चुनाव आयोग ने गाजीपुर में EVM गड़बड़ी के आरोपों को नकारा

गाजीपुर | उत्तर प्रदेश के गाजीपुर लोकसभा क्षेत्र से सपा-बसपा के गठबंधन प्रत्याशी अफजाल अंसारी के EVM की सुरक्षा को लेकर लगाए गए आरोपों को चुनाव आयोग ने सिरे से नाकार दिया।

जिला निर्वाचन आधिकारी के. बाला जी ने कहा, “EVM और VVPAT को पार्टियों के सामने सील किया गया। इसकी वीडियोग्राफी कराई गई। जहां ईवीएम को रखा गया है वहां सीसीटीवी लगे हैं। CRPF के जवान तैनात हैं। ऐसे में वहां गड़बड़ी का सवाल नहीं उठता।”


उन्होंने कहा, “प्रत्याशियों को स्ट्रांग रूम पर चौबीस घंटे नजर रखने की अनुमति है। ऐसे में सभी आरोप आधारहीन हैं।”

सोमवार देर रात महागठबंधन प्रत्याशी अफजाल अंसारी ने EVM में गड़बड़ी की आशंका जताते हुए गाजीपुर में स्ट्रांग रूम के बाहर जमकर हंगामा किया था। वह अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ स्ट्रांग रूम के पास पहुंच गए। यहां उनकी पुलिस अफसरों के साथ झड़प भी हुई। इसके बाद वे बाहर धरने पर बैठ गए।

अफजाल ने कहा कि “EVM की सुरक्षा पर हमें जिला प्रशासन पर भरोसा नहीं है। इसलिए उनके लोग खुद EVM की निगरानी करेंगे।”


उन्होंने आरोप लगाया, “चंदौली में EVM बदलने की कोशिश हुई है। यहां भी यह वाकया दोहराया जा सकता है।”

पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर हटाने की कोशिश की, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं थे। स्थिति को देखते हुए वहां भारी संख्या में पीएसी बुलानी पड़ी।

गाजीपुर लोकसभा क्षेत्र पर अफजाल अंसारी और भाजपा के केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा के बीच कड़ी टक्कर है। अफजाल यहां से एक बार सांसद रह चुके हैं। बताया जा रहा है कि यहां कथित EVM बदले जाने को लेकर एक वीडियो वायरल हुआ है। इसके बाद ईवीएम मशीनों की निगरानी के संबंध में अफजाल अंसारी स्ट्रंग रूम पहुंचे थे।

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)