प्रियंका गांधी का योगी सरकार पर वार- CAA से लोगों को प्रताड़ित किया जा रहा, ‘बदला’ लेने का काम कर रही यूपी पुलिस

  • Follow Newsd Hindi On  
प्रियंका गांधी का योगी सरकार पर वार- CAA से लोगों को प्रताड़ित किया जा रहा, 'बदला' लेने का काम कर रही यूपी पुलिस

नागरिकता कानून (CAA) और एनआरसी (NRC) का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों पर यूपी पुलिस की कार्रवाई को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस मुख्यालय लखनऊ में सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रियंका ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार, प्रशासन और पुलिस द्वारा कई जगहों पर अराजकता फैलाई गई है। उन्होंने कहा कि यूपी में नागरिकता कानून और एनआरसी के विरोध में सड़कों पर उतरे प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई की जांच होनी चाहिए। इसके लिए प्रियंका गांधी ने राज्यपाल को एक ज्ञापन भी सौंपा है।

प्रियंका गांधी ने कहा कि पुलिस द्वारा कई जगह अराजकता फैली है, उन्होंने ऐसे कदम उठाए हैं, जिनका कोई कानूनी आधार नहीं है। उन्होंने कहा कि मैं बिजनौर गई थी, वहां दो लोगों की मौत हुई थी। लड़का कॉफी मशीन चलाता था, पिता को कहा कि मैं 5 मिनट में दूध लेकर आता हूं, वो बच्चा गली में से निकला, पिता ने 10 मिनट इंतजार किया फिर उन्हें एक बच्चे से बेटे की मौत की खबर मिली। वहीं 21 साल का सुलेमान UPSC की तैयारी कर रहा था। शाम को नमाज पढ़ने के लिए मस्जिद गया, वह मस्जिद के बाहर खड़ा था। परिवार और मौके पर खड़े लोगों का कहना है कि पुलिस ने उसे उठाया था, 4-5 किलोमीटर पर एक लड़के की लाश की खबर मिली।



प्रियंका ने आरोप लगाया कि कई ऐसे लोग गुमनाम तरीके से जेल में डाले गए हैं। मुख्यमंत्री ने बयान दिया था कि वो बदला लेंगे, उसी बयान पर पुलिस चल रही है। लखनऊ के अफसर के घर पर नोटिस चस्पा कर दिया गया है, ऐसे में उनकी पूरी कमाई ही चली जाएगी। उन्होंने कहा कि 10 साल के बच्चे, 16 साल की बच्ची आज अकेली रह रहे हैं, क्योंकि उनकी मां सिर्फ सड़क पर जारी प्रदर्शन की वीडियो ले रही थी। लेकिन पुलिस ने उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया। प्रियंका गांधी ने इस दौरान कहा कि प्रदेश में 5500 लोग हिरासत में हैं, 1100 गिरफ्तार हुए हैं।

योगी पर प्रियंका का वार

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि श्रीकृष्ण, राम करुणा के प्रतीक हैं, हमारे यहां शिव की बारात में सब नाचते हैं। इस देश की आत्मा में ‘बदला’ जैसे शब्द की जगह नहीं है, श्रीकृष्ण ने कभी बदले की बात नहीं की। इस प्रदेश के सीएम योगी के वस्त्र पहनते हैं, ये भगवा आपका नहीं है। ये भगवा हिंदुस्तान की धार्मिक आस्था का प्रतीक है, उस धर्म का पालन करना सीखिए।

पुलिस ने गला दबाकर मुझे गिराया, धक्का-मुक्की की : प्रियंका गांधी

उन्होंने कहा कि एनआरसी के कारण गरीबों को खासी दिक्कत होगी। नोटबंदी की तरह लोग परेशान होंगे और इसका कोई फायदा नहीं होगा। सीएए से लोगों को प्रताड़ित करने की साजिश रची जा रही है। कांग्रेसी राज्यों में एनआरसी लागू नहीं होगा।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में नागरिकता संशोधन एक्ट के खिलाफ काफी शहरों में हिंसक प्रदर्शन हुआ था। प्रदेश में इस दौरान करीब 21 लोगों की मौत हो गई है। कांग्रेस की ओर से लगातार CAA के मुद्दे पर योगी सरकार, केंद्र सरकार को घेरा जा रहा है।


जानें क्या है PFI, यूपी में CAA हिंसा में कैसे आया नाम, बैन लगाने की तैयारी में योगी सरकार

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)