Coronavirus Live Updates | ओडिशा ने लॉकडाउन 30 अप्रैल तक बढ़ाया, इंदौर में डॉक्टर की मौत

  • Follow Newsd Hindi On  
Tejashwi said that Nitish Kumar was targeting PM on our pretext

देश में संपूर्ण लॉकडाउन के बीच अबतक कोरोना के मरीजों की संख्या 5734 हो चुकी है। वहीं मरने वालों का आंकड़ा 166 तक पहुंच गया है। हालांकि 473 मरीज कोरोना को मात देकर घर लौट चुके हैं। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 1297 लोगों में कोरोना संक्रमण है। दिल्ली में कोरोना वायरस से 669 लोग संक्रमित हैं। आज महाराष्ट्र में 162, गुजरात में 55, पंजाब में आठ, बिहार में 12, झारखंड में चार, मध्यप्रदेश में छह और छत्तीसगढ़ में एक नए मामले सामने आए हैं। वहीं, झारखंड में कोरोना से आज पहली मौत हुई। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में कोरोना के 540 नए मामले आए हैं और 17 लोगों की मौत हुई है।

Coronavirus Lockdown Day 16 Live Updates: 

देश-दुनिया की राजनीति, खेल एवं मनोरंजन जगत से जुड़े समाचार के लिए जुड़े रहें:

MP के 18 जिलों के हॉटस्पॉट सील होंगे

मध्य प्रदेश के 52 जिलों में से 18 जिले कोरोना प्रभावित हो चुके हैं। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए कहा है कि तीन जिलों भोपाल, उज्जैन और इंदौर को पूरी तरह से लॉकडाउन कर दिया गया है। 18 शहरों में जो हॉटस्पॉट हैं उन्हें भी पूरी तरह सील किया जाएगा। सीएम ने कहा कि उन्होंने भोपाल, उज्जैन और इंदौर को पूरी तरह सील करने के आदेश दे दिए हैं और यहां कोई बाहर से न आ सकेगा और न ही जा सकेगा।



ओडिशा ने लॉकडाउन 30 अप्रैल तक बढ़ाया

ओडिशा ने लॉकडाउन 30 अप्रैल तक बढ़ा दिया है। अभी तक लॉकडाउन बढ़ाने की घोषणा करने वाला ओडिशा पहला राज्य है। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने केंद्र सरकार से 30 अप्रैल तक ट्रेन और हवाई सेवा शुरू ना करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि राज्य में शैक्षणिक संस्थान 17 जून तक बंद रहेंगे।


MP: इंदौर में डॉक्टर की मौत

मध्य प्रदेश का इंदौर शहर अब कोरोना का एपीसेंटर बन गया है। अकेले इंदौर में अब तक कोरोना के 213 मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें 22 लोगों का मौत हो चुकी है। गुरुवार को कोरोना संक्रमण की चपेट में आए एक डॉक्टर ने भी आज दम तोड़ दिया। डॉक्टर की मौत से पूरे सूबे में हड़कंप मच गया है।


कर्नाटक में कोरोना के 10 नए मामले, कुल संख्या 191 हुई

कर्नाटक सरकार के अनुसार राज्य में 10 नए कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इसी के साथ अब तक कोरोना संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 191 हो गई है। जिनमें 28 को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और छह की मौत हो गई है।



महाराष्ट्र में 162 नए केस

महाराष्ट्र में पिछले 12 घंटे के अंदर कोरोना के 162 नए केस आए हैं। इसमें अकेले मुंबई में 143 केस आए हैं। राज्य में कोरोना मरीजों की संख्या 1297 हो गई है।


गुजरात में 55 नए केस

गुजरात में कोरोना के 55 नए केस सामने आए हैं। इसमें अकेले अहमदाबाद में 50 नए संक्रमित मिले हैं।


उत्तर प्रदेश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 350 पार

बुधवार को उत्तर प्रदेश में कोरोना के 27 नए केस सामने आए थे। मरीजों का आंकड़ा 350 को पार कर गया है।


बिहार में 12 नए मामले, संक्रमितों की संख्या 51 हुई

बिहार स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने बताया कि राज्य में आज 12 नए कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इनमें सिवान में एक परिवार के 10 लोग शामिल हैं। इसी के साथ राज्य में अब संक्रमित मामलों की कुल संख्या 51 हो गई है।


कोरोना वायरस पर मंत्रियों के समूह की बैठक

दिल्ली में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय में कोरोना वायरस पर मंत्रियों के समूह (GoM) की एक उच्च-स्तरीय बैठक जारी है।


कर्नाटक में महिला की मौत, मृतकों की संख्या 6 हुई

कर्नाटक के गडग जिले में कोरोना वायरस से संक्रमित 80 वर्षीय एक महिला की मौत दिल का दौरा पड़ने से हो गई। उन्हें सांस लेने में काफी तकलीफ हो रही थी जिसके बाद जांच में कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। कर्नाटक में इस खतरनाक वायरस से अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है।


बीएमसी खरीदेगा एक लाख त्वरित परीक्षण किट

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) दक्षिण कोरिया से एक लाख त्वरित परीक्षण किट खरीदेगा। बीएमसी के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।


भोपाल में कोरोना संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 93

मध्य प्रदेश स्वास्थ्य विभाग के अनुसार भोपाल में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की कुल संख्या 93 है। जिनमें से 50 मामले राज्य स्वास्थ्य विभाग से हैं,  20 मामले तब्लीगी जमात से जुड़े हैं और 12 पुलिस विभाग से जुड़े हैं। दो मरीज को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है और एक की मौत हो गई है।


झारखंड में पहली मौत, 9 नए केस

झारखंड में कोरोना के मामले बढ़े हैं। गुरुवार को 9 नए मामले सामने आए हैं। इसमें 5 नए केस रांची के हिंदीपीरी एरिया में और चार नए केस बोकारो में सामने आए। यह सभी लोग उन परिवार के रिश्तेदार हैं, जो पहले पॉजिटिव मिले थे। अब झारखंड में कुल मरीजों की संख्या 13 हो गई है। बोकारो में कोरोना संक्रमित 75 साल के एक बुजुर्ग का आज सुबह निधन हो गया। बोकारो के उपायुक्त मुकेश कुमार ने इसकी पुष्टि की है। झारखंड में कोरोना से यह पहली मौत है।


पंजाब में एक की मौत

पंजाब के जालंधर में कोरोना से संक्रमित 58 साल के एक व्यक्ति की बुधवार रात मौत हो गई। विशेष मुख्य सचिव, पंजाब आपदा प्रबंधन केबीएस सिद्धू ने बताया कि वह पिछले दो दिनों से वेंटिलेटर पर था। प्रदेश में मरने वालों का आंकड़ा 9 हो गया है। वहीं, कोरोना के 16 नए केस सामने आए हैं। अब कुल मरीजों की संख्या 116 हो गई है। गुरुवार को आए 16 नए मामलों में से अकेले 10 तो मोहाली जिले के जवाहरपुर गांव के हैं। इस गांव में अब तक कोरोना के 21 मामले आ चुके हैं।

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)