झारखंड : सांत्वना देने आए मंत्री को मृतक बीजेपी नेता मुंडू की बेटी ने मारा थप्पड़

  • Follow Newsd Hindi On  

झारखंड के खूंटी में उस समय दहशत फैल गई, जब अपराधियों ने भाजपा नेता मागो मुंडू उनके बेटे और पत्नी सहित की घर में गोली मारकर हत्या कर दी। इस वारदात के बाद परिजनों से मिलने सदर अस्पताल पहुंचे मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा के साथ कुछ ऐसी हुआ, जिसने सबके होश उठा दिए। यहां उन्हें भारी विरोध का सामना करना पड़ा। इस दौरान मृतक मागो मुंडू की पुत्री पर्मिला मुंडू ने मंत्री पर थप्पड़ भी चला दिया। उसने मंत्री के पेट में दोनों हाथों से जोरदार हमला बोला। साथ ही उन पर बरस पड़ी। यह देख वहां पर मौजूद अधिकारी व पदाधिकारी भौचक्क रह गए। गौरतलब है कि खूंटी में मागो मुंडू, उनकी पत्नी और बेटे की हत्या सोमवार की रात हथियारबंद अपराधियों ने कर दी थी।

स्थानिय अखबारों की खबरों के अनुसार मृतकों का हाल जानने मंत्री नीलकंठ जैसे ही मंगलवार को रोते-बिलखते मृतक मागो के परिजनों के समक्ष पहुंचे पर्मिला बेकाबू हो गई। उसने मंत्री पर दोनों हाथों से थप्पड़ चला दिया जो मंत्री के पेट पर लगा। आवेश में बोली, भागो यहां से। तुम लोगों के कारण ही मेरे पिताजी, मां और भाई की मौत हो गई है। पूरा परिवार समाप्त हो गया। परिजनों ने मिलकर पर्मिला का मुंह बंद कर दिया ताकि वह और कुछ ज्यादा न बोल सके। उसे पकड़ लिया गया। बावजूद इसके पर्मिला झल्लाते हुए मंत्री के ऊपर अंगुली दिखाते हुए काफी भला-बुरा कहती रही। बाद में मंत्री अपने काफिले के साथ महिला वार्ड से बाहर निकले और डॉक्टर के चेंबर में बैठ गए। यहां मंत्री ने हेठगोवा गांव के युवकों को बुलाकर घटनाक्रम की जानकारी ली।


गौरतलब है कि डॉक्टर के चेंबर से बाहर निकलकर मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने घटना पर दुख प्रकट करते हुए कहा कि जिस तरह की घटना घटी है उससे वह बहुत आहत हैं। मागो मुंडा उनके परिवार के सदस्य थे। वे ही उन्हें राजनीति में लाए थे।

आपको बता दें कि मरहू थाना क्षेत्र के हेठगोवा गांव में तिहरे हत्याकांड से खूंटीवासी दहशत में हैं। भाजपा नेता मागो मुंडू उनके बेटे लिपराय मुंडू और पत्नी लखमनी मुंडू के हत्यारों का अब तक पुलिस सुराग नहीं ढूंढ पाई है। सोमवार की रात पांच वर्दीधारी अपराधियों ने जमकर कहर बरपाया था। मागो के घर के आंगन से लेकर अंदर तक जो जहां मिला उसे मारकर गिराते रहे। वारदात के बाद से ही पुलिस गांव में कैंप कर रही है और मामले को सुलझाने की कोशिश में जुटी है। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार अपराधियों ने सबसे पहले दरवाजे के समीप आंगन की पिंडली में बैठी लखमनी मुंडू को गोली मारी। इसके बाद तीन अपराधी घर में घुसे।

सांसद अर्जुन मुंडा ने फोन पर परिजनों से बातकर दुख प्रकट किया। इसके अलावा अर्जुन मुंडा के निर्देश पर इनके आप्त सचिव संजय बासू व सुधाकर देव हेठगोवा गांव आए और परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी।


(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)