दिल्ली में रोडरेज: स्लो चलने के लिए कहा तो अफ्रीकी ने युवक का गाल दांतों से काट खाया

  • Follow Newsd Hindi On  
दिल्ली में रोडरेज: स्लो चलने के लिए कहा तो अफ्रीकी ने युवक का गाल दांतों से काट खाया Delhi crime african man bites mans cheek road rage incident | Newsd - Hindi News

नई दिल्ली। पश्चिमी दिल्ली के निहाल विहार में रोडरेज का अजीबोगरीब मामला सामने आया है। एक अफ्रीकी युवक ने एक शख्स के गाल को दांतों से काट खाया। जानकारी के मुताबिक, घटना के वक्त युवक पैदल जा रहा था, तभी स्कूटी पर सवार अफ्रीकन युवक ने उसे टक्कर मार दी। इस पर पीड़ित ने अफ्रीकन को धीरे ड्राइव करने की सलाह देते हुए स्लो-स्लो कहा। यह सुन आरोपी भड़क गया और उसने युवक के गाल को दांतों से काटकर मांस का टुकड़ा निकाल दिया। इतना ही नहीं अफ्रीकी ने पुलिस कस्टडी में भी जमकर हंगामा किया। निहाल विहार पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जांच में पता चला कि अफ्रीकी अवैध रूप से दिल्ली में रह रहा था। उधर, घायल युवक की हालत देखकर डॉक्टरों ने उसे प्लास्टिक सर्जरी के लिए कहा है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अफ्रीकी युवक की पहचान महावीर एन्क्लेव गली नंबर 5 निवासी बाओसीनूऊ के तौर पर हुई है। वहीं पीड़ित 22 वर्षीय जितेंद्र सिंह परिवार समेत निहाल विहार के चंदरविहार में रहते हैं। परिवार में माता-पिता और दो बड़ी बहनें हैं। जितेंद्र एक पैथ लैब कंपनी में सैंपल कलेक्शन एग्जिक्युटिव की जॉब करते हैं। घटना 9 जनवरी रात आठ बजे की है।


जितेंद्र के घर के किचन में प्लास्टर का काम चल रहा था। इसकी वजह से वह उस रात घर के लोगों का खाना रात को बाहर रेस्ट्रॉन्ट से लेने गए थे। वहां से लौटते वक्त पीछे से आ रही एक स्कूटी ने उन्हें टक्कर मार दी। पैर में चोट लगने की वजह से जितेंद्र गिर गए। उन्होंने देखा कि स्कूटी पर अफ्रीकन युवक था। जितेंद्र ने उसे स्लो चलाने की कहा। आरोप है कि अफ्रीकन ने कहा कि नॉट स्लो। इसके बाद दोनों तरफ से बहस हुई।

धक्कामुक्की के बीच आरोप है कि अफ्रीकी युवक ने जितेंद्र के गाल पर दांतों से बुरी तरह न सिर्फ काटा बल्कि मांस का टुकड़ा निकाल लिया। बात बढ़ती देख अफ्रीकन वहां से भागने लगा। लोग इकठ्ठा हो गए। घायल होने के बाद भी जितेंद्र ने आरोपी की स्कूटी की चाबी निकाल ली। आरोपी फिर से भागने लगा। लोगों ने पीछा करके उसे पकड़ लिया। इस बीच हंगामा देखकर बीट की ड्यूटी पर तैनात पुलिस वाले वहां पहुंच गए।

आरोपी ने पुलिस कस्टडी में भी जमकर ड्रामा किया। उसके बाद उसे पकड़कर थाने ले जाया गया। छानबीन करने पर पता चला कि उसका वीजा पासपोर्ट भी खत्म हो चुका है और वह अवैध रूप से दिल्ली में रह रहा था। उधर, जख्मी हालत में जितेंद्र को संजय गांधी हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने प्लास्टिक सर्जरी कराने की सलाह दी है। फिलहाल निहाल विहार पुलिस ने आरोपी अफ्रीकी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।



राजधानी में धुंधभरी सुबह, वायु गुणवत्ता ‘बेहद खराब’

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)