दिल्ली में बीजेपी की हार पर गिरिराज का अजीबोगरीब दावा, बोले- उत्साह में थे कार्यकर्ता, बूथ पर ही नहीं गए

  • Follow Newsd Hindi On  
दिल्ली में बीजेपी की हार पर गिरिराज का अजीबोगरीब दावा, बोले- उत्साह में थे कार्यकर्ता, बूथ पर ही नहीं गए

दिल्ली विधानसभा चुनाव (Delhi Assembly Election) में भारतीय जनता पार्टी (BJP) सघन चुनाव प्रचार करने के बाद भी महज 8 सीटों पर सिमट गई। इस हार के बाद पार्टी पर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। बीजेपी अंदरखाने इस करारी हार की समीक्षा कर रही है। इसी बीच केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह (Giriraj Singh) ने पार्टी की हार को लेकर अजीबोगरीब दावा किया है। गिरिराज सिंह ने कहा है कि दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता अति उत्साह में थे, जिसकी वजह से वो बूथ पर वोट डालने ही नहीं गए और यही भाजपा की हार की वजह बनी।

‘बिहार चुनाव पर नहीं होगा दिल्ली का असर’

दरअसल, बिहार के बेगूसराय में जब गिरिराज सिंह से दिल्ली की हार पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता उत्साह में वोट डालने नहीं गए। हालांकि, उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि दिल्ली में हार के कारण नागरिकता संशोधन कानून के मसले पर कोई बदलाव नहीं होगा। जो लोग CAA का विरोध कर रहे हैं, वो एक तरह से संसद का ही विरोध कर रहे हैं।


दिल्ली के चुनाव के बाद अब हर किसी की नज़र बिहार के चुनाव पर हैं। गिरिराज सिंह का दावा है कि इन नतीजों का बिहार के चुनाव पर कोई असर देखने को नहीं मिलेगा। बीजेपी नेता का कहना है कि लोकसभा चुनावों की तरह ही विधानसभा चुनाव में भी एनडीए की जीत होगी।

देवबंद आतंकवाद की ‘गंगोत्री’ :गिरिराज सिंह

गौरतलब है कि दिल्ली में चुनावी नतीजों के बाद से ही सोशल मीडिया पर तमाम तरह के दावे किए जा रहे हैं। कुछ रिपोर्ट में इस तरह का दावा किया जा रहा है कि दिल्ली में बीजेपी कुल कार्यकर्ताओं की संख्या 62 लाख है, जबकि बीजेपी को दिल्ली में सिर्फ 35 लाख ही वोट मिले हैं। इसी के बाद कई तरह के सवाल खड़े हुए हैं। हालांकि, कार्यकर्ताओं की संख्या पर पार्टी की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

बता दें कि भारतीय जनता पार्टी को दिल्ली में सिर्फ आठ सीटों पर ही जीत मिली है। पार्टी की ओर से लगातार दावा किया जा रहा था कि इस बार दिल्ली में उन्हें 45 से अधिक सीटें मिलेंगी। हालांकि, ये दावे गलत साबित हुए। दिल्ली में भाजपा को 38.51 फीसदी वोट मिला है, जिसमें कुल वोटों की संख्या 3575430 है।



दिल्ली चुनाव: AAP सांसद संजय सिंह का बड़ा आरोप- रिठाला में पैसा बांटते पकड़े गए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)