दिल्ली चुनाव में नीतीश-तेजस्वी ने किया था प्रचार, जानें क्या रहा जदयू-राजद उम्मीदवारों का हाल

  • Follow Newsd Hindi On  
दिल्ली चुनाव में नीतीश-तेजस्वी ने किया था प्रचार, जानें क्या रहा जदयू-राजद उम्मीदवारों का हाल

दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की लहर में बिहार के तीनों क्षेत्रीय दल का सफाया हो गया। कांग्रेस के साथ गठबंधन में चार सीटों पर चुनाव लड़ रही राजद, भाजपा के साथ दो सीटों पर चुनाव लड़ रहे जदयू और एक सीट पर लोजपा की हार हुई है। बिहार के इन तीनों क्षत्रपों का दिल्ली की जनता ने बंटाधार कर दिया। ऐसा पहली बार हुआ कि देश की दो बड़ी राष्ट्रीय पार्टियां भाजपा और कांग्रेस ने बिहार के सहयोगी दलों के साथ दिल्ली में गठबंधन किया लेकिन जनता ने उनके प्रयोग को सिरे से नकार दिया।

वहीं दिल्ली चुनाव नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि जनता मालिक है। तेजस्वी यादव ने कहा, “मैं अरविंद केजरीवाल को बधाई देता हूं। दिल्ली के लोगों ने जो जनादेश दिया है, वे काम और विकास के आधार पर वोट करेंगे।”


जदयू के हिस्से भी आई हार

नीतीश कुमार जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और उनकी पार्टी ने दिल्ली के दो विधानसभा क्षेत्रों- बुरारी और संगम विहार में अपने उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतारे थे, लेकिन जदयू इन दोनों सीटों पर हार गई। संगम विहार से आप उम्मीदवार दिनेश मोहनिया ने जदयू के शिव चरण लाल गुप्ता को हराया। जदयू उम्मीदवार को 32823 वोट हासिल हुए। वहीं, बुराड़ी सीट पर भी आप प्रत्याशी संजय झा ने जदयू के शैलेंद्र कुमार को पटखनी दी। नीतीश कुमार ने दिल्ली में अमित शाह और जेपी नड्डा के साथ रैलियां भी की।

राजद के सभी उम्मीदवार हारे

कांग्रेस गठबंधन के साथ चुनाव लड़ रहे राजद ने बुराड़ी, किरारी, उत्तम नगर और पालम विधानसभा सीट पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। मगर चारों सीटों पर राजद चित्त हो गई। दिल्ली में तेजस्वी की सभाएं और रोड शो भी कोई काम नहीं आया।

बुराड़ी विधानसभा सीट पर आप उम्मीदवार संजीव झा को जीत मिली। राजद उम्मीदवार तीसरे नंबर पर रहे। किरारी विधानसभा सीट पर आप प्रत्याशी ऋतुराज गोविंद ने राजद के मो. रियाजुद्दीन खान को हराया। रिजाजुद्दीन को महज 256 वोट मिले। उत्तम नगर सीट पर आप प्रत्याशी नरेश बाल्याण ने राजद के शक्ति कुमार बिश्नोई को मात दी। पालम सीट पर राजद उम्मीदवार निर्मल कुमार सिंह को आप के भावना गौर ने हराया।


1 सीट पर लड़ी लोजपा, मिली हार

भाजपा के साथ गठबंधन में सीमापुरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रही लोजपा की भी हार हुई है। सीमापुरी विधानसभा सीट से आप प्रत्याशी राजेंद्र पाल गौतम ने लोजपा के संत लाल को हराया। संत लाल को 32284 वोट हासिल हुए।

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)