देश ने आपदा को अवसर में बदल दिया, आत्म निर्भर भारत बनाना है : पीएम मोदी (लीड-1)

  • Follow Newsd Hindi On  

नई दिल्ली, 12, (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत ने संकट को भी अवसर में बदल दिया है। आत्मनिर्भर भारत का हमें संकल्प लेना है। उन्होंने कहा कि भारत को कभी सोने की चिड़िया कहा जाता था। आज फिर भारत विकास की ओर से सफलतापूर्वक कदम बढ़ा रहा है।

राष्ट्र के नाम रात आठ बजे से संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने कहा, “एक वायरस ने दुनिया को तहस-नहस कर दिया है। विश्व भर में करोड़ों जिंदगियां संकट का सामना कर रहीं हैं। सारी दुनिया जिंदगी बचाने में एक प्रकार से जंग में जुटी है। हमने ऐसा संकट न देखा है और न ही सुना है। निश्चित तौर पर मानव जाति के लिए यह सब कुछ अकल्पनीय है। यह क्राइसिस अभूतपूर्व है। लेकिन थकना, हारना, टूटना, बिखरना मानव को मंजूर नहीं है। सतर्क रहते हुए ऐसी जंग के सभी नियमों का पालन करते हुए अब हमें बचना भी है और आगे बढ़ना भी है।”


उन्होंने कहा, “जब दुनिया संकट में है तब हमें अपना संकल्प और मजबूत करना है। हमारा संकल्प इस संकट से भी विराट होगा। साथियों हम पिछली शताब्दी से भी लगातार सुनते आए हैं कि 21 वीं सदी हिंदुस्तान की सदी है। हमें वैश्विक व्यवस्थाओं को विस्तार से देखने का मौका मिला है। कोरोना संकट के बाद भी दुनिया में जो स्थितियां बन रहीं हैं, उसे भी हम निरंतर देख रहे हैं। जब दोनों काल खंडों को भारत के नजरिए से देखते हैं तो लगता है कि 21 वीं सदी भारत की हो, यह हमारा सपना ही नहीं हम सभी की जिम्मेदारी भी है।”

पीएम मोदी ने कहा कि विश्व की आज की स्थिति यह सिखाती है कि इसका मार्ग एक ही है आत्म निर्भर भारत। साथियों एक राष्ट्र के रूप में हम एक अहम मोड़ पर खड़े हैं। इतनी बड़ी आपदा भारत के लिए एक संकेत लेकर आई है। एक संदेश लेकर आई है। एक अवसर लेकर आई है।

–आईएएनएस


(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)