देशव्यापी लॉकडाउन बढ़ाया जाए : 10 मुख्यमंत्री

  • Follow Newsd Hindi On  

नई दिल्ली, 11 अप्रैल (आईएएनएस)| प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पिछले दो हफ्तों से भी कम समय में मुख्यमंत्रियों के साथ शनिवार को की गई तीसरी वीडियो कान्फ्रेंस से इस बात पर एकमतता बढ़ गई है कि लॉकडाउन को कम से कम दो हफ्ते और जारी रखा जाए।

इस दौरान ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सहारा देते हुए विशेषकर अनाज बाजार खोलने पर भी मुख्यमंत्री सहमत दिखे। सुझावों में हवाईअड्डों, रेलवे स्टेशनों और महानगरों के लॉकडाउन को जारी रखना शामिल रहा।


ऐसे संकेत हैं कि प्रधानमंत्री कार्यालय लॉकडाउन उपायों पर बड़ा फैसला लेने पर विचार कर रहा है और कोरोवायरस प्रसार की गंभीरता के आधार पर देश को रेड, येलो और ग्रीन जोन के साथ चिह्न्ति कर रहा है।

सूत्रों ने कहा कि पीएमओ शीर्ष अधिकारियों और विशेषज्ञों के साथ स्थिति की समीक्षा करेगा। मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक के बाद प्रधानमंत्री ने अपनी टिप्पणी में संकेत दिया कि राज्यों की सिफारिशों के आधार पर लॉकडाउन को दो सप्ताह तक बढ़ाया जा सकता है।

सूत्रों ने संकेत दिया कि कम से कम दस मुख्यमंत्रियों ने चल रहे लॉकडाउन के विस्तार की पुरजोर वकालत की है। जबकि कुछ मुख्यमंत्रियों ने प्रधानमंत्री को सलाह दी है कि इसे कम से कम अप्रैल के बाकी बचे दिनों तक बढ़ाया जाए।


पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कम से कम एक पखवाड़े के लिए देशव्यापी लॉकडाउन का विस्तार करने का सुझाव दिया है। मुख्यमंत्री ने पंजाब में लॉकडाउन को एक मई तक बढ़ा दिया है।

सूत्रों का कहना है कि सिंह ने फसल कटाई के मौसम में किसानों के लिए ‘बोनस’ भी मांगा है। पंजाब में किसानों की बड़ी संख्या है, जिन्हें लॉकडाउन के दौरान फसल कटाई के लिए श्रमिक मिलने मुश्किल हो गए हैं।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी कम से कम अप्रैल के अंत तक लॉकडाउन के सख्त कार्यान्वयन की बात कही।

केजरीवाल दिल्ली के निजामुद्दीन में तबलीगी जमात कार्यक्रम के बाद पनपे संकट से जूझ रहे हैं। उन्होंने मोदी से अनुरोध किया है कि वे अपनी राज्यों द्वारा खुद की प्रणाली के तहत लॉकडाउन लागू करने के बजाय एक राष्ट्रव्यापी बंद की नीति तैयार करें।

राजस्थान और पंजाब जैसे कई राज्यों ने पहले से ही लॉकडाउन को लेकर अपनी रणनीति तैयार कर ली है।

माना जा रहा है कि केजरीवाल ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रधानमंत्री से कहा कि राज्य विशेष की घोषणाएं इतनी प्रभावी नहीं होंगी।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने फोन पर उपलब्ध होने के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया। प्रधानमंत्री ने शनिवार को सभी मुख्यमंत्रियों से कहा कि वह स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उनके लिए चौबीसों घंटे फोन पर उपलब्ध होंगे।

देश में शनिवार सुबह तक 6,565 सक्रिय कोविड-19 मामले हो चुके हैं। चौहान ने मोदी को यह भी बताया कि मध्यप्रदेश में जिला स्तर पर संकट प्रबंधन दल युद्ध स्तर पर काम कर रहे हैं।

आईएएनएस ने पहली बार दो अप्रैल को अपनी रिपोर्ट में बताया था कि प्रधानमंत्री मोदी मौजूदा लॉकडाउन का विस्तार करने पर विचार कर रहे हैं।

शनिवार की बैठक में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे सहित कुछ मुख्यमंत्री फेस मास्क पहनकर आए, वहीं प्रधानमंत्री मोदी को भी सफेद रंग का गमछा मुंह व नाक पर बांधे देखा गया।

वर्तमान लॉकडाउन 14 अप्रैल की रात को समाप्त होने वाला है।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)