डेटानेट ने मोबाइल एप लांच किया

  • Follow Newsd Hindi On  
डेटानेट ने मोबाइल एप लांच किया

नई दिल्ली,  डेटाबेस प्रबंधन कंपनी डेटा नेट इंडिया ने बुधवार को एक अनोखा मोबाइल एप्लिकेशन लांच किया, जिसका नाम ‘की इकोनोमिक इंडिकेटर्स ऑफ इंडिया’ है।

यह एप 19 भाषाओं में उपलब्ध हैं, जिनमें से 12 भारतीय हैं। इनमें असमिया, बंगाली, गुजराती, हिंदी, कन्नड़, मलयालम, मराठी, ओडिया, पंजाबी, तमिल और तेलुगु शामिल है तथा शेष सात विदेशी भाषाएं -अरबी, चीनी, अंग्रेजी, फ्रेंच, नेपाली, रूसी और स्पेनिश हैं। कंपनी ने एक बयान में यह जानकारी दी और कहा कि यह एप आईओएस और एंड्रॉइड दोनों प्लेटफॉर्म पर चलता है।


यह ‘की इकोनोमिक इंडिकेटर्स ऑफ इंडिया’ अर्थव्यवस्था के विभिन्न तत्वों जैसे नवीनतम थोक मूल्य सूचकांक (डब्ल्यूपीआई), उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) मुद्रास्फीति, राष्ट्रीय आय, विदेश व्यापार और निवेश, विनिमय दरें, बुलियन दरें, पूंजी बाजार, बीमा, औद्योगिक उत्पादन सूचकांक, आठ प्रमुख उद्योगों के सूचकांक, बुनियादी ढांचा, ऊर्जा उत्पादन, रेलवे, पेट्रोलियम के मूल्य, चुने हुए खाद्य वस्तुओं की खुदरा कीमत और मजदूरी दरों व अन्य की नवीनतम जानकारियां मुहैया कराता हैं।

बयान में कहा गया कि इस एप में एकत्र किए गए डेटा को प्रामाणिक स्त्रोंतों से लिया जाता है, जिनकी तुलना संबंधित क्षेत्रों के वर्तमान, पिछले महीने और पिछले साल के आंकड़ों के साथ की जाती है। इससे भारतीय अर्थव्यवस्था पर सबसे यथार्थवादी, अद्यतन और व्यापक जानकारी मिलती है। इसके अलावा, डेटा को साप्ताहिक आधार पर नवीनतम आर्थिक जानकारी के साथ अद्यतन किया जाता है।

डेटानेट इंडिया के निदेशक डॉ. आर. के. ठुकराल ने बताया, “भारत दुनिया की छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और इस समय 5वें स्थान के लिए प्रतियोगिता कर रहा है। भारतीय अर्थव्यवस्था का महत्व विश्व स्तर पर बढ़ रहा है और सभी क्षेत्रों की जनसांख्यिकी के लोग अर्थव्यवस्था में उन्नति और गिरावट को जानने में रुचि रखते हैं।”


(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)