Dev Deepawali 2020: काशी में अयोध्या जैसा होगा भव्य आयोजन, 15 लाख दीयों की रोशनी से जगमगाएंगे 84 गंगा घाट

  • Follow Newsd Hindi On  
Dev Deepawali 2020: काशी में अयोध्या जैसा होगा भव्य आयोजन, 15 लाख दीयों की रोशनी से जगमगाएंगे 84 गंगा घाट

Dev Deepawali 2020:  इस बार वाराणसी में देव दीपावली बहुत भव्य तरीके से मनाई जाने तैयारी की जा रही है। करीब 15 लाख दीये से काशी के 84 घाट जगमग होंगे। भगवान राम की नगरी अयोध्या की तरह ही इस बार देव दीपावली पर वाराणसी भी भव्य सजेगी। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल के आने की भी संभावना जताई जा रही है।

इस वर्ष देव दीपावली पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में ‘ना भूतो ना भविष्यति’ स्तर का ग्रैंड शो का आयोजन करने की तैयारी है। साथ ही गंगा नदी में पानी की लहरों पर लेजर शो एवं प्रोजेक्टर के जरिए काशी की महिमा, शिव की महिमा एवं गंगा अवतरण आदि का भव्य प्रदर्शन भी किया जाएगा। हर साल बड़े पैमाने पर बनारस के घाटों पर देव दिवाली मनाई जाती है और दुनिया भर से लोग इसे देखने आते हैं।


पिछले साल की तुलना में इस बार बनारस में देव दीपावली पर दीयों की संख्या ज्यादा होगी और गंगा घाट जगमग रोशन होंगे। गंगा पार रामनगर में भी दीपदान के साथ आयोजन किए जाने की उम्मीद है। साथ ही ऐसा भी कहा जा रहा है कि, मुख्यमंत्री एक दिन पहले बनारस का दौरा कर देव दीपावली की तैयारियों की समीक्षा कर सकते हैं। देव दीपावली कार्तिक पूर्णिमा के दिन मनाई जाती है। इस बार कार्तिक पूर्णिमा 30 नवंबर के दिन है।

जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने इस बारे में कहा है कि, सरकार की इच्छा है कि अयोध्या जैसा भव्य आयोजन काशी की देव-दीपावली में हो, इसको लेकर सरकार ने विशेष तैयारी करने का निर्देश दिया है। इसको देखते हुए वीवीआईपी, वीआईपी के आने वालों की संख्या भी बढ़ने की उम्मीद है।


(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)