ढाई करोड़ लोगों को मुफ्त कानूनी सेवा देगा मोदी सरकार का ऐप

  • Follow Newsd Hindi On  

नई दिल्ली, 25 नवंबर(आईएएनएस)। मोदी सरकार ने आम जनता को मोबाइल पर मुफ्त कानूनी सेवा उपलब्ध कराने के लिए जिस न्याय बंधु ऐप को तैयार किया था, अब उसके आईओएस संस्करण की लांचिंग की तैयारी है। संविधान के अनुच्छेद 39 ए के तहत मुफ्त कानूनी सहायता और न्याय तक जनता की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए यह पहल हुई है। संविधान दिवस पर गुरुवार को न्याय बंधु ऐप का आईओएस संस्करण लांच होगा। यह ऐप ढाई करोड़ यूजर्स वाले उमंग प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगा।

दरअसल, केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने फरवरी, 2019 में न्याय बंधु मोबाइल ऐप शुरू किया था। न्याय विभाग का मकसद है कि देश के सभी लोगों को कानूनी जानकारियां मुफ्त मिल सकें। इस संबंध में, न्याय विभाग ने सीएससी ई- गवर्मेंट सर्विसेज के साथ भागीदारी करते हुए एंड्रॉयड मंच पर न्याय बंधु मोबाइल ऐप विकसित किया है।


इस ऐप के जरिए लोग राष्ट्रीय कानूनी सेवा प्राधिकरण, कानून फर्मो और सिविल सोसाइटी संगठनों के प्रतिनिधियों के माध्यम से कानूनी जानकारियां हासिल कर सकेंगे। ऐप के आईओएस संस्करण की लांचिंग 26 नवंबर को दोपहर 12 बजे होगी।

–आईएएनएस

एनएनएम/एएनएम


(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)