दिल्ली के आर्कबिशप ने हिंसा पीड़ितों की मदद का आह्वान किया

  • Follow Newsd Hindi On  

नई दिल्ली, 29 फरवरी (आईएएनएस)| दिल्ली के आर्कबिशप अनिल कूटो ने दिल्ली हिंसा के पीड़ितों की मदद करने का आह्वान किया है। उन्होंने दिल्ली के गिरजाघरों व पादरियों के अनुयायियों से हिंसा पीड़ितों के लिए आश्रय, भोजन और कपड़ों का इंतजाम करने का आग्रह किया है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर जरूरत हुई तो दिल्ली में आर्चडायसी के चर्चो और संस्थागत परिसरों को पीड़ितों की मदद के लिए लेंटेन सीजन में खोले रखा जाएगा।

दिल्ली के सभी पादरियों व धर्मगुरुओं को संबोधित पत्र में राष्ट्रीय राजधानी के आर्कबिशप ने कहा, “इस क्षण जब सांप्रदायिक दंगों ने दिल्ली को बुरी तरह से जकड़ लिया है, हम प्रभावित लोगों के लिए प्रार्थना के साथ ही उनके आश्रय, भोजन और कपड़ों आदि से जुड़ी राहत देने के लिए हर संभव प्रयास करें।”


उन्होंने पत्र में कहा, अगर जरूरत है तो लेंटेन सीजन में भी इस नेक काम के लिए हमारे चर्च एवं संस्थागत परिसर खोले जाएंगे।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, दिल्ली हिंसा में 40 से अधिक लोगों की जान गई है और 263 घायल विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं, जिनमें से लगभग 100 लोग गोली लगने से घायल हुए हैं।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि मौत का आंकड़ा और भी बढ़ सकता है।


विशेष पुलिस आयुक्त एस.एन. श्रीवास्तव ने बताया, “दिल्ली हिंसा के संबंध में अभी तक कुल 148 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें से 25 एफआईआर आर्म्स एक्ट के तहत हैं। इसके साथ ही कुल 630 लोगों को गिरफ्तार या हिरासत में लिया गया है। इस मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) ने जांच शुरू कर दी है।”

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)