दिल्ली की जनता आज शाहीन बाग का हिसाब-किताब कर रही : श्याम जाजू

  • Follow Newsd Hindi On  

नई दिल्ली, 8 फरवरी (आईएएनएस)| भाजपा उपाध्यक्ष और दिल्ली के प्रभारी श्याम जाजू शनिवार सुबह करीब 10 बजे बेटे संदीप और बहू कनुप्रिया के साथ वोट डालने निर्माण भवन मतदान केंद्र पहुंचे। वोट डालने के बाद उन्होंने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि आज दिल्ली की जनता शाहीन बाग का हिसाब-किताब कर रही है।

भाजपा उपाध्यक्ष श्याम जाजू ने कहा कि केजरीवाल सरकार ने पूरे साढ़े चार साल तक काम नहीं किया और आखिरी छह महीनों में झूठे वादे किए। इससे नाराज होकर जनता प्रतिक्रिया में आज भाजपा को वोट दे रही है।


भाजपा के दिल्ली प्रभारी श्याम जाजू ने इस बात को खारिज कर दिया कि चुनाव में उनकी पार्टी ने शाहीन बाग को मुद्दा बनाया।

उन्होंने आईएएनएस से कहा, “छुद्र राजनीति के लिए आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने शाहीन बाग को मुद्दा बनाया। सड़क जाम होने से लाखों लोगों को रोजाना तकलीफ उठानी पड़ रही है। आज दिल्ली की जनता बढ़-चढ़कर वोट कर शाहीन बाग का हिसाब-किताब कर रही है।”

श्याम जाजू ने कहा कि “दिल्ली में लोग परिवर्तन चाहते हैं। जनता मोदी के समर्थन में भाजपा को वोट डाल रही है। क्योंकि दिल्ली में भाजपा ही एकमात्र विकल्प है।”


उन्होंने कहा कि “आज भाजपा का पूरा काडर सड़क पर उतर पड़ा है। भाजपा पोलिंग सेंटर तक अपने मतदाताओं को निकालने में सफल रही है। दिल्ली में डबल इंजन की सरकार बनने जा रही है।”

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)