दिल्ली में राजग की साझा रैली, नीतीश, शाह, नड्डा करेंगे संबोधित

  • Follow Newsd Hindi On  

नई दिल्ली, 2 फरवरी (आईएएनएस)| दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रचार खत्म होने में अब केवल 5 दिनों का समय बचा है। ऐसे में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन(राजग) के नेता भी रविवार को चुनाव प्रचार में जोर लगाने उतर रहे हैं। इस सिलसिले में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन(राजग) पूरी ताकत झोंकने जा रहा है। रविवार को राजग की ओर से दो बड़ी चुनावी सभा आयोजित की जा रही है। इनमें से एक सभा बुराड़ी विधानसभा में होगी। इस चुनावी सभा में गृहमंत्री अमित शाह और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक ही मंच पर मौजूद रहेंगे।

दूसरी ओर राजग में एकजुटता दिखाने की कोशिश के तहत दिल्ली के संगम विहार में दूसरी बड़ी रैली हो रही है, जिसमें बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाजपा अध्यक्ष जे. पी. नड्डा साझा रूप से सभा को संबोधित करेंगे।


इस सभा में भाजपा और जद(यू) के अलावा लोक जनशक्ति पार्टी(लोजपा) भी शामिल होगी। लोजपा से पार्टी अध्यक्ष चिराग पासवान शिरकत करेंगे। संगम विहार विधानसभा क्षेत्र से भी जद(यू) के ही एस.सी.एल. गुप्ता चुनावी मैदान में किस्मत आजमा रहे हैं।

दिल्ली विधानसभा चुनाव में ऐसा पहली बार हो रहा है कि बिहार में राजग की तीनों सहयोगी पार्टियां यहां भी एक साथ चुनाव लड़ रही हैं। जद(यू) को दो सीटें, जबकि लोजपा को एक सीट दी गई है। रविवार को होने वाली दोनों साझा सभाओं के अलावा तीनों दलों के नेताओं की अलग-अलग सभाएं भी होने वाली हैं।

इस कड़ी में तीन फरवरी को जहां वजीरपुर में नीतीश कुमार सभा को संबोधित करेंगे, तो पांच फरवरी को सीमापुरी में चिराग पासवान की सभा होगी। सीमापुरी से लोजपा उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।


 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)