दिल्ली : पौने दो करोड़ की देशी-विदेशी जाली मुद्रा जब्त, हथियारों सहित 5 गिरफ्तार

  • Follow Newsd Hindi On  

नई दिल्ली, 26 दिसम्बर (आईएएनएस)| राष्ट्रीय राजधानी पुलिस की स्पेशल सेल ने देशी-विदेशी जाली मुद्रा के साथ पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से हथियार भी मिले हैं। जब्त जाली भारतीय मुद्रा करीब 55 लाख और विदेशी मुद्रा एक लाख 67 हजार 500 अमेरिकी डॉलर हैं।

यह जानकारी दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल (दक्षिणी परिक्षेत्र) के उपायुक्त (डीसीपी) प्रमोद कुमार सिंह कुशवाहा ने आईएएनएस को गुरुवार को दी। कुशवाहा ने बताया, “गिरफ्तार तस्करों का नाम दानिश मलिक, उन्वान अंसारी, तबरेज अमहद, शोएब मलिक और रघुराज सिंह हैं।”


गिरफ्तार हुआ दानिश मलिक जाली भारतीय मुद्रा को डिजाइन करता है। पहले वह एक फोटो स्टूडियो में नौकरी करता था। फोटो स्टूडियो में काम करने के दौरान जो हुनर उसने सीखा था उसका बेजा मगर जल्दी किसी की पकड़ में न आने वाली आर्ट का इस्तेमाल वह इस काले कारोबार में करता था।

उन्वान अंसारी दिल्ली विवि का वाणिज्य स्नातक है। उसने वेब डिजाइनिंग में सन 2000 में इंजीनियरिंग की थी। तबरेज अहमद मूलत: मध्य प्रदेश का रहने वाला है। काफी पहले वह दिल्ली आ गया था। शोएब मलिक जाली नोट छापने के लिए सुरक्षित स्थान और सामग्री का इंतजाम करता था। जबकि पांचवां आरोपी रघुराज सिंह और तबरेज पिछले पंद्रह साल से इस गोरखधंधे में साथ-साथ थे।

डीसीपी प्रमोद कुमार सिंह कुशवाहा के मुताबिक, “उन्वान अंसारी के अड्डे से पुलिस को दो पिस्तौल और जिंदा कारतूस भी मिले हैं। इस गिरोह के कब्जे से 54 लाख 89 हजार 50 रुपये की जाली भारतीय मुद्रा और 1 लाख 67 हजार 500 जाली अमेरिकी डॉलर मिले हैं। जाली अमेरिकी डॉलर की अनुमानित कीमत एक करोड़ 17 लाख 25 हजार आंकी गई है इस हिसाब से अगर जोड़ा जाए तो गिरोह के पास से जब्त कुल जाली मुद्रा करीब 1 करोड़ 27 लाख 14 हजार (भारतीय करेंसी के रूप में) है।”


इस गिरोह के पीछे दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) ललित मोहन नेगी, हृदय भूषण, इंस्पेक्टर सुनील रंजन (राजैन), रविंद्र जोशी, विनोद बडोला की टीमें कई महीने से लगी हुई थीं। इस टीम ने गिरोह की निशानदेही पर नोट छापने में इस्तेमाल होने वाला प्रिंटर भी जब्त किया है।

दिल्ली पुलिस की किसी टीम द्वारा राष्ट्रीय राजधानी इलाके में बीते कई साल में अब तक की यह जाली नोट की जब्ती सबसे बड़ी खेप मानी जा रही है।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)