दक्षिण अफ्रीका में बाढ़ का कहर, 51 की मौत, राहत और बचाव कार्य जारी

  • Follow Newsd Hindi On  

दक्षिण अफ्रीका में मूसलाधार बारिश के कारण कम से कम 51 लोगों की मौत हो गई है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

सरकारी प्रवक्ता लेनोक्स मबासो ने सीएनएन को बताया कि क्वाजुलू-नटाल प्रांत के सबसे बड़े शहर डरबन में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए। सर्वाधिक प्रभावित इलाकों में अमनजिमटोटी, चैट्सवर्थ और मरिआनहिल्ली शामिल हैं।


प्रभावित इलाकों में कई भवन गिर गए और दीवारें ढह गईं। घरों में पानी घुस गया।

हालात की गंभीरता का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के लिए मिस्र में अफ्रीकी एकता शिखर सम्मेलन को बीच में छोड़कर वापस आना पड़ा है।

रामफोसा ने ट्वीट कर बताया, “वापस आ गया हूं। बाढ़ से हुए नुकसान और राहत कार्यो को देखने के लिए क्वाजुलू-नटाल के लिए उड़ान भरी है।”


बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए अस्थायी आश्रय बनाए गए हैं जहां उन्हें भोजन दिया जा रहा है। सरकारी प्रसारक एसएबीसी ने बताया है कि एक हजार लोग विस्थापित हुए हैं।

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)