नगीना लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र, उत्तर प्रदेश: वर्तमान सांसद, उम्मीदवार, मतदान तिथि और चुनाव परिणाम

  • Follow Newsd Hindi On  
नगीना लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र, उत्तर प्रदेश: वर्तमान सांसद, उम्मीदवार, मतदान तिथि और चुनाव परिणाम

उत्तर प्रदेश की 17 आरक्षित लोकसभा सीटों में से एक नगीना लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र एक बार फिर से नया सांसद चुनने को तैयार है। साल 2014 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी के यशवंत सिंह ने सपा के पूर्व सांसद यशवीर सिंह को मात दे दी थी। बहुजन समाज पार्टी के गिरीश चंद्रा तीसरे स्थान पर रहे। इस बार 8 प्रत्याशी मैदान में हैं। लेकिन, मुख्य मुकाबला बीजेपी के मौजूदा सांसद डॉक्टर यशवंत सिंह, कांग्रेस की ओमवती देवी और सपा-बसपा गठबंधन के गिरीश चंद्र के बीच है। इसके अलावा पीस पार्टी के माधव राम, खुसरो सेना पार्टी के विनोद, राष्ट्रीय समानता दल के अमीचंद के अलावा अंबेडकर समाज पार्टी के टिकट पर तेज सिंह भी मैदान में हैं। चरण सिंह बतौर निर्दलीय उम्मीदवार मैदान में हैं। कमेश कुमार पीपुल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डी) के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं।

नगीना लोकसभा सीट पर दूसरे चरण में 18 अप्रैल को मतदान होना है।


नगीना का श‍ाब्दिक अर्थ है ‘रत्‍न’ या ‘रत्‍न जड़‍ित आभूषण’। इसे सैय्यद शासकों ने मुगलों से जागीर के रूप में पाया था। बाद में यह क्षेत्र 1857 के विद्रोह में मशहूर हुआ जब नजीबाबाद के नवाब और ब्रिटिश सेना के बीच बिजनौर में युद्ध हुआ। कहा जाता है कि यहां 1919 के जलियांवाला बाग की तरह ही एक घटना हुई थी। यहां स्थित पाईबाग में ब्रिटिश सेना ने निहत्‍थे लोगों पर गोलियां बरसाकर उनकी हत्‍या कर दी थी। अनुमान है कि इसमें करीब 150 लोगों की मौत हुई थी। इसे नगीना का जलियांवाला बाग भी कहा जाता है।

नगीना लोकसभा सीट का इतिहास

काष्ठ कला के लिए विदेशों तक मशहूर नगीना, बिजनौर जिले की एक तहसील है। नगीना लोकसभा क्षेत्र बहुत पुराना नहीं है। बिजनौर से सटी यह लोकसभा सीट पहले बिजनौर का ही हिस्‍सा हुआ करती थी। लेकिन परिसीमन आयोग की सिफारिश पर 2008 में अलग निर्वाचन क्षेत्र बना दिया गया। इसके बाद यहां 2009 और 2014 के लोकसभा चुनाव हुए हैं। इस दृष्टि से 2019 के चुनाव यहां तीसरे लोकसभा चुनाव होंगे।

2009 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) के यशवीर सिंह ने यहां पर जीत दर्ज की, लेकिन अगले ही चुनाव में वह हार गए। 2014 में बीजेपी के टिकट पर यशवंत सिंह बड़े अंतर से विजयी रहे। यशवंत सिंह को कुल 39 फीसदी वोट मिले थे। उन्हें चुनाव में 3,67,825 वोट यानी 39 फीसदी वोट मिले, जबकि समाजवादी पार्टी के यशवीर सिंह को 2,75,435 (29.2%) और बहुजन समाज पार्टी के गिरीश चंद्रा को 2,45,685 (26.1%) वोट मिले थे।


नगीना संसदीय सीट का समीकरण

नगीना लोकसभा क्षेत्र के तहत 5 विधानसभा सीटें आती हैं – नजीबाबाद, नगीना, धामपुर, नहटौर और नूरपुर। 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में तीन सीटें भारतीय जनता पार्टी और दो सीटें समाजवादी पार्टी के पास गई थीं। हालांकि, इनमें से 2018 में नूरपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव हुआ, जिसमें समाजवादी पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी को हराकर जीत दर्ज की थी।

नगीना लोकसभा सीट अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीट है, यहां करीब 21 फीसदी एससी वोटर हैं। हालांकि, यहां मुस्लिम वोटर भी कम नहीं हैं। यहां आने वाली सभी विधानसभा सीटों का हिसाब लगाएं तो करीब 50 फीसदी से अधिक मुस्लिम वोटर हैं। नगीना सीट पर कुल 14,93,411 मतदाता हैं। इनमें 7,95,554 पुरुष और 6,97,857 महिला वोटर हैं। 2014 में इस सीट पर 63.1 फीसदी वोट डाले गए थे।

इस बार बीजेपी में प्रत्याशी को लेकर नाराजगी पार्टी में बड़ी चुनौती है। दरअसल, यशवंत सिंह दलित आरक्षण को लेकर 2 अप्रैल 2018 के आंदोलन में दलितों के उत्पीड़न को लेकर पार्टी के खिलाफ आवाज बुलंद कर चुके थे। तभी से उनके बारे में पार्टी में नाराजगी थी। पार्टी प्रत्याशी बदलना चाहती थी लेकिन विरोध के डर से बीजेपी ने हाथ खींच लिए और फिर से यशवंत पर ही भरोसा किया।

गठबंधन की तरफ से बीएसपी प्रत्याशी गिरीशचंद दूसरी बार चुनाव मैदान में है। 2014 के चुनाव में वह इसी सीट पर तीसरे नंबर पर रहे थे। इस बार एसपी-बीएसपी गठबंधन होने के कारण और आरएलडी का साथ मिलने से उनके समीकरण मजबूत हुए हैं। बीएसपी गठबंधन के बल पर इस सीट को जीतने की आस में है।

वहीं, कांग्रेस अपने उम्मीदवार ओमवती की लंबी सियासी जमीन के बल पर जीत की पटकथा लिखने की उम्मीद लगाए है। बता दें कि ओमवती कुछ समय पहले ही कांग्रेस में शामिल हुई हैं। वह इससे पहले चार बार विधायक, यूपी में मंत्री और बिजनौर से एक बार सांसद रह चुकी हैं। उनकी क्षेत्र में पकड़ मानी जाती है।

निवर्तमान सांसद : डा. यशवंत सिंह

2014 का लोकसभा चुनाव

यशवंत सिंह, भाजपा –  3,67,825
यशवीर सिंह,  सपा  – 2,75,435
गिरीशचंद , बसपा  –  2,45,685

2019 लोकसभा चुनाव के लिए प्रमुख उम्मीदवार

  • डा. यशवंत सिंह, बीजेपी
  • गिरीश चंद, बसपा
  • ओमवती देवी, कांग्रेस

दूसरे चरण के चुनाव लिए महत्वपूर्ण तिथियां

अधिसूचना  जारी 19 मार्च
नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 26 मार्च
नामांकन पत्र की जांच 27 मार्च
नामांकन वापसी की अंतिम तिथि 29 मार्च
मतदान की तारीख 18 अप्रैल
मतगणना की तारीख 23 मई

लोकसभा चुनाव 2019: दूसरे चरण में 18 अप्रैल को इन सीटों पर होगी वोटिंग, देखें राज्यवार सूची

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)