आगरा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र, उत्तर प्रदेश: वर्तमान सांसद, उम्मीदवार, मतदान तिथि और चुनाव परिणाम

  • Follow Newsd Hindi On  
आगरा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र, उत्तर प्रदेश: वर्तमान सांसद, उम्मीदवार, मतदान तिथि और चुनाव परिणाम

मुगलकालीन राजधानी और ताज नगरी के तौर पर दुनिया में विख्‍यात आगरा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र एक बार फिर से नया सांसद चुनने को तैयार है। साल 2014 के लोकसभा चुनाव में आरक्षित आगरा लोकसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी और एससी-एसटी आयोग के चेयरमैन डॉ. रामशंकर कठेरिया ने बसपा के नारायण सिंह को तीन लाख मतों से हराया था। लेकिन इस बार भाजपा ने कठेरिया का टिकट काटकर उन्हें इटावा सीट से प्रत्याशी बनाया है। इस बार भाजपा ने एसपी सिंह बघेल को टिकट दिया है। वहीं, कांग्रेस ने पूर्व आईआरएस अफसर प्रीता हरित तो बसपा-सपा गठबंधन ने मनोज कुमार सोनी पर दांव आजमाया है।

आगरा लोकसभा सीट पर दूसरे चरण में 18 अप्रैल को मतदान होना है।


आगरा लोकसभा सीट का इतिहास

यमुना नदी के किनारे बसा आगरा, उत्तर प्रदेश का तीसरा सबसे बड़ा शहर है। दिल्ली से आगरा की दूरी 231.2 किलोमीटर है। ताजमहल, आगरा का किला और स्वामी बाग आगरा की पहचान हैं। आगरा का इतिहास मुख्य रूप से मुगल काल से जाना जाता है। आगरा शहर को सिकंदर लोदी ने सन् 1506 ई. में बसाया था। आगरा मुगल साम्राजय की पसंदीदा जगह थी। मुग़लकालीन इमारतों जैसे ताज महल, लाल किला, फ़तेहपुर सीकरी, एतमादुद्दौला का मकबरा पर्यटन स्थल की वजह से प्रसिद्ध है। ये तीनों इमारतें यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल की सूची में शामिल हैं। आगरा पेठा, आलू, बाजरा के लिए प्रसिद्ध है। इसके अलावा जूता, लैदर गुड्स उद्योग, हैंडीक्राफ्ट यहाँ के प्रमुख कारोबार हैं।

आजादी से लेकर आपातकाल तक यहां कांग्रेस का एकक्षत्र राज रहा। वर्ष 1977 के चुनाव में जनता पार्टी के प्रत्‍याशी शंभूनाथ चतुर्वेदी ने कांग्रेस के नेता सेठ अचल सिंह को हराया। उसके बाद हुए मध्‍यावधि चुनाव में कांग्रेस प्रत्‍याशी और पूर्व सांसद सेठ अचल सिंह के पुत्र निहाल सिंह जैन ने कांग्रेस और परिवार की विरासत को फि‍र से हासिल कर लिया। वर्ष 1989 में भाजपा-जनतादल के संयुक्‍त प्रत्‍याशी अजय सिंह ने जीत दर्ज की उसके बाद से कांग्रेस का वर्चस्‍व समाप्‍त हो गया। क्रमश: दो-दो बार यहां से भाजपा के भगवान शंकर रावत और सपा प्रत्‍याशी और सिने अभिनेता राजबब्‍बर सांसद रहे। वर्ष 2009 से पूर्व हुए परिसीमन में आगरा संसदीय क्षेत्र को काटकर फतेहपुर सीकरी नाम से नया संसदीय क्षेत्र बना दिया गया। आगरा संसदीय क्षेत्र (सुरक्षित) से रामशंकर कठेरिया दो बार से लगातार सांसद हैं।

आगरा संसदीय सीट का समीकरण

आगरा लोकसभा सीट के अंतर्गत 5 विधान सभा क्षेत्र आते हैं- एतमादपुर, आगरा कैंट, दक्षिण आगरा, नार्थ आगा और जलेसर। 2017 के विधान सभा चुनाव में भाजपा ने यहां पांच सीटों पर जीत हासिल की थी। अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित आगरा सीट पर 37 फीसदी वोटर दलित और मुस्लिम हैं। 2014 के लोकसभा चुनाव में यहां 18 लाख से अधिक वोटर थे, जिसमें 10 लाख पुरुष और 8 लाख महिला वोटर शामिल हैं। 2014 में यहां कुल 59 फीसदी मतदान हुआ था, इनमें 5161 वोट नोटा में गए थे। इस सीट से कभी कोई महिला उम्मीदवार नहीं जीती है। दलित बहुल होने के बाद भी यहां बीएसपी अपना खाता नहीं खोल पाई है।


कौन चुकाएगा आलू की कीमत?

आगरा देश का दूसरा सबसे अधिक स्वरोजगार रखने वाले लोगों का शहर है। हालांकि, 40 % लोग कृषि से जुड़े हुए हैं। किसानों के मुद्दे का चुनावों पर भी काफी असर होता है। खासकर, इस साल की शुरुआत में आलू किसानों के प्रदर्शन ने राजनीतिक गलियारों में सरगर्मी काफी बढ़ा दी। आलू किसान ज्यादा उत्पादन की वजह से कम दाम की मार झेल रहे थे। न ही उन्हें मुनाफे के लायक दाम मिल रहा था और न ही फसल पूरी तरह बिक पा रही थी।

कोल्ड स्टोरेज से आलू के स्टॉक को निकालकर बेचना जब मुश्किल हो गया तब किसानों ने सड़कों पर आलू फेंकना शुरू कर दिया। इससे किसानों को हो रहे नुकसान की चर्चा को पहले पन्ने पर लाकर रख दिया। विपक्षी दलों ने भी इसे मुद्दा बनाकर सरकार को खूब घेरा। फसल की कीमतों के साथ ही बिजली के बढ़े हुए दामों को लेकर भी सरकार को विरोध झेलना पड़ा। राष्ट्रीय लोकदल के नेता इसके विरोध में बिजलीघरों के सामने प्रदर्शन तक को उतर पड़े।

स्थानीय सांसद के खिलाफ नाराजगी को भांपते हुए बीजेपी ने प्रत्याशी बदल दिया है। ऐसे में विपक्ष के गठबंधन को लेकर जनता के रुख के ऊपर यह निर्भर करेगा कि वह विपक्ष को मौका देगी या एक बार फिर भाजपा पर भरोसा जताएगी।

निवर्तमान सांसद : डॉ. रामशंकर कठेरिया

2014 का लोकसभा चुनाव

रामशंकर कठेरिया, बीजेपी – 5,83,716
नारायण सिंह सुमन, बहुजन समाज पार्टी  – 283,453
महाराज सिंह धनगर, समाजवादी पार्टी -134,708

2019 लोकसभा चुनाव के लिए प्रमुख उम्मीदवार

  • एसपी सिंह बघेल, बीजेपी
  • मनोज कुमार सोनी, बसपा
  • प्रीता हरित, कांग्रेस

दूसरे चरण के चुनाव लिए महत्वपूर्ण तिथियां

अधिसूचना  जारी 19 मार्च
नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 26 मार्च
नामांकन पत्र की जांच 27 मार्च
नामांकन वापसी की अंतिम तिथि 29 मार्च
मतदान की तारीख 18 अप्रैल
मतगणना की तारीख 23 मई

लोकसभा चुनाव 2019: दूसरे चरण में 18 अप्रैल को इन सीटों पर होगी वोटिंग, देखें राज्यवार सूची

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)