अकबरपुर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र, उत्तर प्रदेश: वर्तमान सांसद, उम्मीदवार, मतदान तिथि और चुनाव परिणाम

  • Follow Newsd Hindi On  
अकबरपुर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र, उत्तर प्रदेश: वर्तमान सांसद, उम्मीदवार, मतदान तिथि और चुनाव परिणाम

उत्तर प्रदेश का अकबरपुर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र एकबार फिर से नया सांसद चुनने को तैयार है। 2014 के लोकसभा चुनाव में देवेंद्र सिंह उर्फ भोले सिंह ने बसपा के अनिल शुक्ल वारसी को पराजित किया था। सपा के लाल सिंह तोमर तीसरे स्थान पर रहे। इस बार बीजेपी ने पिछले बार के विजेता देवेंद्र सिंह उर्फ भोले सिंह (Devendra Singh (Bhole Singh) के ऊपर भरोसा जताया है। वहीं महागठबंधन की ओर से बसपा ने निशा सचान (Nisha Sachan) को मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने पिछले प्रत्याशी राजा राम पाल (Raja Ram Pal) को ही दोहराया है।

अकबरपुर लोकसभा सीट पर चौथे चरण में 29 अप्रैल को चुनाव होने हैं।


अकबरपुर लोकसभा सीट का इतिहास

उत्तर प्रदेश की औद्योगिक नगरी कानपुर से सटा कानपुर देहात जिले का मुख्‍यालय अकबरपुर है। यह लोकसभा सीट 2009 में वजूद में आई है। इससे पहले यह सीट बिल्लौर लोकसभा सीट के तहत आती थी। गंगा और यमुना के मध्य दोआब में बसे अकबरपुर सीट राजनीतिक रूप से एक दौर में कांग्रेस का मजबूत गढ़ हुआ करता था। 90 के दशक में कांग्रेस में नेहरू-गांधी परिवार के खिलाफ बगावत करने वाले अरुण नेहरू ने जनता दल से मैदान में उतरकर जीत हासिल की थी। बाद में ये इलाका बीजेपी के लिए काफी उपजाऊ साबित हुआ।

2014 का लोकसभा चुनाव

2014 लोकसभा चुनाव में देवेंद्र सिंह उर्फ भोले सिंह ने बसपा के अनिल शुक्ल वारसी को 2,78,997 (28.72%) मतों से पराजित किया था। इस चुनाव में देवेंद्र सिंह ने 4,81,584 (49.57%) मत प्राप्त किए थे। वहीं बसपा के अनिल शुक्ल वारसी ने 2,02,587 (20.85%), सपा के लाल सिंह तोमर ने 1,47,002 (15.13%), कांग्रेस के राजा राम पाल ने 96,827 (9.97%) और आप नेता अरविंद कुमार ने 7,914 (0.81%) मत प्राप्त किए थे।

अकबरपुर संसदीय सीट का समीकरण

अकबर लोकसभा सीट के तहत कुल पांच विधानसभा सीटें आती हैं- अकबरपुर रानिया, बिठूर, कल्याणपुर, महाराजापुर और घाटमपुर विधानसभा। जिनमें से घाटमपुर सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। मौजूदा समय में पांचों सीटों पर बीजेपी का कब्जा है।


अकबरपुर लोकसभा सीट पर 2011 के जनगणना के मुताबिक कुल जनसंख्या 22,67,095 है। इसमें 64.65 फीसदी ग्रामीण और 35.35 फीसदी शहरी आबादी है। इस लोकसभा सीट पर पांचों विधानसभा सीटों पर कुल 17,14,453 मतदाता हैं। अनुसूचित जाति की आबादी इस सीट पर 23.22 फीसदी है। इसके अलावा अकबरपुर संसदीय सीट पर राजपूत और ब्राह्मण मतदाता काफी निर्णायक भूमिका में हैं।

निवर्तमान सांसद: देवेंद्र सिंह

लोकसभा चुनाव 2014 के नतीजे

देवेंद्र सिंह (भाजपा) – 4,81,584
अनिल शुक्ला वारसी (बसपा) – 2,02,587
लाल सिंह तोमर (सपा)- 1,47,002

2019 लोकसभा चुनाव के लिए प्रमुख उम्मीदवार

  • देवेंद्र सिंह उर्फ भोले सिंह, भाजपा
  • निशा सचान, बसपा/गठबंधन
  • राजा राम पाल, कांग्रेस

चौथे चरण के चुनाव लिए महत्वपूर्ण तिथियां

अधिसूचना  जारी 2 अप्रैल
नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 9 अप्रैल
नामांकन पत्र की जांच 10 अप्रैल
नामांकन वापसी की अंतिम तिथि 12 अप्रैल
मतदान की तारीख 29 अप्रैल
मतगणना की तारीख 23 मई

लोकसभा चुनाव 2019: चौथे चरण में 29 अप्रैल को इन सीटों पर होगी वोटिंग, देखें राज्यवार सूची

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)