झांसी लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र, उत्तर प्रदेश: वर्तमान सांसद, उम्मीदवार, मतदान तिथि और चुनाव परिणाम

  • Follow Newsd Hindi On  
झांसी लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र, उत्तर प्रदेश: वर्तमान सांसद, उम्मीदवार, मतदान तिथि और चुनाव परिणाम

उत्तर प्रदेश का झांसी लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र एकबार फिर से नया सांसद चुनने को तैयार है। 2014 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी नेता उमा भारती ने समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार चंद्रपाल सिंह यादव को हराया। बसपा की अनुराधा शर्मा तीसरे स्थान पर रही थीं। इस बार उमा भारती ने चुनाव लड़ने से मना कर दिया है। इस वजह से बीजेपी ने बैद्यनाथ आयुर्वेद कंपनी के चेयरमैन अनुराग शर्मा को मैदान में उतारा है। वहीं, सपा-बसपा गठबंधन की ओर से श्याम सुंदर यादव ताल ठोंक रहे हैं। कांग्रेस ने यह सीट जन अधिकार पार्टी के बाबू सिंह कुशवाहा के लिए छोड़ी है।

झांसी लोकसभा सीट पर चौथे चरण में 29 अप्रैल को वोट डाले जाने हैं।


यूपी में पड़ने वाले बुंदेलखंड क्षेत्र का हिस्सा झांसी, चंदेल राजाओं का गढ़ था। झांसी शहर पहुंज और बेतवा नदी से घिरा हुआ है। वर्तमान में झांसी डिवीजनल कमिश्नर का मुख्यालय है, जिसमे झाँसी, ललितपुर और जालौन जनपद शामिल हैं।

झांसी लोकसभा सीट का इतिहास

झांसी के पहले सांसद साल 1952 में कांग्रेस के रघुनाथ विनायक धुलेकर थे। वहीं 1957 से 1967 तक कांग्रेस के ही सुशील नय्यर ने यहां से हैट्रिक मारी थी। कांग्रेस के गोविंद दास रिछारिया साल 1971 में विजयी हुए, फिर साल 1977 में सुशील नय्यर ने भारतीय लोकदल से जीत हासिल की। साल 2004 में SP से चंद्रपाल सिंह यादव, तो 2009 में कांग्रेस के प्रदीप जैन आदित्य यहां से चुनाव जीते थे।

2014 का लोकसभा चुनाव

2014 के लोकसभा चुनाव में 68.38 प्रतिशत मतदान हुआ था। 2014 के लोकसभा चुनाव में 1931778 मतदाता थे इसमें 10,33893 पुरुष एवं 897833 महिला मतदाता शामिल थी। चुनाव में उमा भारती ने 190467 वोट से सपा के डॉ चन्द्रपाल सिंह यादव को पराजित किया था। उमा को 575889 वोट मिले थे।


झांसी संसदीय सीट का समीकरण

झांसी लोकसभा क्षेत्र में विधानसभा की कुल पांच सीटें हैं- बबीना, झांसी नगर, मऊरानीपुर, ललितपुर और महरौनी। साल 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में इन सभी सीटों से बीजेपी के उम्मीदवार विजयी रहे थे। यहाँ मतदाताओं की संख्या 23,81,826 है जो प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।

भाजपा प्रत्याशी अनुराग शर्मा संघ की भी पसंद बताए जा रहे हैं। गठबंधन के प्रत्याशी जहां यादव, मुस्लिम, अहिरवार समेत सपा-बसपा के मतदाताओं को साधने में पूरी ताकत लगा रहे हैं, वहीं भाजपा ब्राह्मण, ठाकुर, वैश्य के साथ राजपूत लोध और कुशवाहा वोट को अपने पाले में बनाए रखने में लगी है। यहां लोध और कुशवाहा दोनों ही पिछड़ी जातियां निर्णायक स्थिति में हैं। संभवत: यही कारण है कि कांग्रेस ने यहां जन अधिकार पार्टी के शिवशरण कुशवाहा को चुनाव मैदान में उतारा है।

झांसी ललितपुर लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी के बड़े नेता चंद्रपाल सिंह यादव को टिकट नहीं मिलने से उनका पूरा खेमा खफा है। चंद्रपाल सिंह ने झांसी में सपा बसपा गठबंधन के प्रत्याशी श्याम सुन्दर सिंह यादव की राह को मुश्किल बना दिया है। इसके पीछे पुरानी राजनीतिक दुश्मनी है, जिस कारण चंदपाल सिंह ने पूरे चुनाव से दूरी बनाकर अपनी नाराजगी का अहसास करा दिया है। जिसकी शुरुआत खुद श्याम सुन्दर सिंह ने की थी। यह दुश्मनी इतनी गहरी है कि अखिलेश यादव के कहने के बाद भी चंद्रपाल सिंह यादव ने श्याम सुन्दर के समर्थन की बात नहीं मानी है।

अनुराग शर्मा देश की जानी-मानी आयुर्वेदिक दवाओं की कंपनी बैद्यनाथ आयुर्वेद के कर्ताधर्ता हैं। वे पहली बार चुनाव मैदान में उतरे हैं पर उनके पिता दो बार सांसद रह चुके हैं। अनुराग झांसी में 1980 में कांग्रेस से सांसद रहे स्वर्गीय विश्वनाथ शर्मा के पुत्र हैं। उनके पिता बाद में भाजपा में शामिल हो गए थे और 1991 में हमीरपुर से भाजपा के टिकट पर चुनाव जीता था। इनके चाचा रमेश कुमार शर्मा 2009 में बसपा से चुनाव लड़कर कांग्रेस के प्रदीप जैन से हार गए थे। रमेश शर्मा की पत्नी अनुराधा 2014 में झांसी से चुनाव लड़कर तीसरे नंबर पर रही थीं।

निवर्तमान सांसद: उमा भारती

लोकसभा चुनाव 2014 के नतीजे

उमा भारती (भाजपा)- 5,75,889
चंद्रपाल सिंह यादव (सपा)- 3,85,422
अनुराधा शर्मा (बसपा)- 2,13,792

2019 लोकसभा चुनाव के लिए प्रमुख उम्मीदवार

  • अनुराग शर्मा, भाजपा
  • श्याम सुन्दर सिंह यादव, सपा/गठबंधन
  • बाबू सिंह कुशवाहा, जन अधिकार पार्टी/कांग्रेस

चौथे चरण के चुनाव लिए महत्वपूर्ण तिथियां

अधिसूचना  जारी 2 अप्रैल
नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 9 अप्रैल
नामांकन पत्र की जांच 10 अप्रैल
नामांकन वापसी की अंतिम तिथि 12 अप्रैल
मतदान की तारीख 29 अप्रैल
मतगणना की तारीख 23 मई

लोकसभा चुनाव 2019: चौथे चरण में 29 अप्रैल को इन सीटों पर होगी वोटिंग, देखें राज्यवार सूची

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)