खूंटी लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र, झारखंड: वर्तमान सांसद, उम्मीदवार, मतदान तिथि और चुनाव परिणाम

  • Follow Newsd Hindi On  
खूंटी लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र, झारखंड: वर्तमान सांसद, उम्मीदवार, मतदान तिथि और चुनाव परिणाम

झारखंड का खूंटी लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र एक बार फिर से नया सांसद चुनने को तैयार है। 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के करिया मुंडा ने जेकेपी उम्मीदवार अनोस एक्का को शिकस्त दी थी। तीसरे स्थान पर कांग्रेस के प्रत्याशी काली चरण मुंडा रहे। इस बार भाजपा ने अपने वर्तमान सांसद करिया मुंडा का टिकट काटकर यहां से पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस के कालीचरण मुंडा मैदान में हैं।

खूंटी लोकसभा सीट पर पांचवें चरण में 6 मई को वोट डाले जाने हैं। 


खूंटी लोकसभा सीट मुख्य रूप से मुंडा जनजातियों के लिए जाना जाता है। कहा जाता है कि छोटानागपुर के राजा मदरा मुंडा के बेटे सेतिया के आठ बेटे थे। उन्होंने ही एक खुंटकटी गांव की स्थापना की जिसे उन्होंने खुंति नाम दिया, जो बाद में खूंटी हो गया।

यह क्षेत्र क्रांतिकारी नायक बिरसा मुंडा के लिए भी जाना जाता है। बिरसा मुंडा के नेतृत्व में ब्रिटिशों के खिलाफ लंबे समय तक चले संघर्ष को इतिहास में दर्ज किया गया है।

खूंटी लोकसभा सीट का इतिहास

शुरू में इस सीट पर कांग्रेस का कब्जा था। कांग्रेस के टिकट पर जयपाल सिंह लगातार तीन चुनाव (1952, 1957 और 1962) जीते। 1971 में इस सीट से झारखंड पार्टी के निरल इनम होरो जीते। 1977 में इस सीट पर झारखंड पार्टी का खाता खुला और उसके टिकट पहली बार करिया मुंडा जीते। 1980 में फिर झारखंड पार्टी के निरल इनम होरो की वापसी हुई। 1984 में कांग्रेस के सिमोन टिग्ग जीते।


इसके बाद बीजेपी के टिकट पर करिया मुंडा लगातार पांच बार (1989, 1991, 1996, 1998 और 1999) का चुनाव जीते। 2004 का चुनाव कांग्रेस के सुशीला केरकेता जीतने में कामयाब हुईं। इसके बाद फिर करिया मुंडा बीजेपी के टिकट पर लगातार दो बार यानि 2009 और 2014 में जीते।

2014 का लोकसभा चुनाव

16वीं लोकसभा के लिए 2014 में हुए चुनाव में खूंटी से भाजपा के करिया मुडा विजयी रहे थे। उन्हें 2.69 लाख वोट मिले। उन्होंने जेकेपी के अनोस एक्का को शिकस्त दी थी। अनोस एक्का को 1.76 लाख वोट मिले। वहीं तीसरे नंबर पर रहे कांग्रेस के काली चरण मुंडा। इस चुनाव में काली चरण मुंडा को 1.47 वोट मिले। इस सीट पर 2014 में 64.19 फीसदी वोटिंग हुई थी।

खूंटी संसदीय सीट का समीकरण

इस लोकसभा सीट के अन्तर्गत 6 विधानसभा सीटें (खरसावन, तमर, तोरपा, खूंटी, कोलेबीरा, सिमडेगा) आते हैं। यह सभी अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित है। 2014 के आम चुनाव के दौरान इस सीट पर मतदाताओं की संख्या करीब 11.11 लाख थी। इसमें 5.65 लाख पुरुष और 5.46 लाख महिला मतदाता शामिल हैं।

खूंटी लोकसभा आदिवासी और मुंडा जनजातीय बहुल क्षेत्र है। इस समीकरण को बेहतर ढ़ंग से अपने पक्ष में मोड़ने वाले प्रत्याशी का ही संसद में प्रतिनिधित्व के लिए चुना जाना तय है।

निवर्तमान सांसद: करिया मुंडा

लोकसभा चुनाव 2014

करिया मुंडा, भाजपा –  2,69,185
एनोस एक्का, झारखंड पार्टी – 1,76,937
काली चरण मुंडा, कांग्रेस – 1,47,017

2019 लोकसभा चुनाव के लिए प्रमुख उम्मीदवार

  • अर्जुन मुंडा, भाजपा
  • काली चरण मुंडा, कांग्रेस(गठबंधन)

पांचवें चरण के चुनाव लिए महत्वपूर्ण तिथियां

अधिसूचना  जारी 10 अप्रैल
नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 18 अप्रैल
नामांकन पत्र की जांच 20 अप्रैल
नामांकन वापसी की अंतिम तिथि 22 अप्रैल
मतदान की तारीख 6 मई
मतगणना की तारीख 23 मई

 

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)