मंडला लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र, मध्य प्रदेश: वर्तमान सांसद, उम्मीदवार, मतदान तिथि और चुनाव परिणाम

  • Follow Newsd Hindi On  
मंडला लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र, मध्य प्रदेश: वर्तमान सांसद, उम्मीदवार, मतदान तिथि और चुनाव परिणाम

मध्य प्रदेश की मंडला लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र एक बार फिर से नया सांसद चुनने को तैयार है। मंडला लोकसभा क्षेत्र पर भाजपा फिर से पूर्व केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते के सहारे है। उनका सामना कांग्रेस के कमल मरावी से होगा। यह सीट अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवार के लिए आरक्षित है। बीजेपी में पूर्व केंद्रीय मंत्री फगन सिंह कुलस्ते यहां से पांच बार सांसद रह चुके हैं। 2014 में उन्होंने कांग्रेस के ओमकार सिंह को हराया था। आदिवासियों के बीच लोकप्रिय नेता गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हीरा सिंह मरकाम भी मैदान में हैं। इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल सकता है।

मंडला लोकसभा सीट का इतिहास

मंडला में पहली बार 1957 में चुनाव हुए। पिछले 62 सालों में इस सीट पर 8 बार कांग्रेस तो 5 बार भाजपा ने जीत दर्ज कराई। वहीं एक बार लोकतांत्रिक दल ने भी यहां जीत हासिल की। मंडला में 1957 में जीत हासिल करने के बाद कांग्रेस के मंगरुबाबू उईके ने 1962, 1967 और 1971 तक लगातार जीत का सिलसिला जारी रखा, लेकिन 1977 में कांग्रेस को यहां हार का सामना करना पड़ा और भारतीय लोकदल ने यहां जीत हासिल की। 1980 में फिर कांग्रेस ने यहां वापसी की और 1991 तक लगातार दमदार जीत दर्ज कराती गई।


1996 से लेकर 2004 तक यहां भाजपा प्रत्याशी फग्गन सिंह कुलस्ते ने जीत दर्ज कराई, लेकिन 2009 में फिर यहां कांग्रेस ने जीत हासिल की। 2014 में मोदी लहर में भाजपा प्रत्याशी फग्गन सिंह कुलस्ते ने जीत दर्ज की।

मंडला संसदीय सीट का समीकरण

मंडला लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत विधानसभा की 8 सीटें आती हैं। शाहपुरा, निवास, लखनादौन, डिंडोरी, मंडला, गोटेगांव, बिछिया, केवलारी यहां की विधानसभा सीटें हैं। इन 8 सीटों में से 6 पर कांग्रेस और 2 पर बीजेपी का कब्जा है।

मध्य प्रदेश का मंडला जिला आदिवासी बहुल इलाका है। मंडला में अनुसूचित जनजाति के लोगों की आबादी अच्छी खासी है। इसलिए यह सीट अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित है। साल 2011 की जनगणना के मुताबिक मंडला की जनसंख्या 2758336 है।


यहां 52.3 फीसदी आबादी अनुसूचित जनजाति के लोगों की है और 7.67 फीसदी आबादी अनुसूचित जाति के लोगों की है। चुनाव आयोग के आंकड़े के मुताबिक 2014 में इस सीट पर 18,24,424 मतदाता थे। इसमें से 8,94,893 महिला मतदाता और 9,25,971 पुरुष मतदाता थे।

2014 का लोकसभा चुनाव                       

2014 के चुनाव में मंडला लोकसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी के नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री ने यहां जीत दर्ज कराई। वहीं कांग्रेस के ओमकार सिंह यहां दूसरे नंबर पर रहे। फग्गन सिंह कुलस्ते को 2014 के लोकसभा चुनाव में 5,85,720 वोट मिले थे, जबकि उनकी तुलना में ओमकार सिंह को 4,75,521 वोट ही मिल सके। जिसके दम पर फग्गन सिंह कुलस्ते ने 1,10,199 वोटों के अंतर से जीत हासिल की।

निवर्तमान सांसद: फगन सिंह कुलस्ते

2014 लोकसभा चुनाव के नतीजे

फगन सिंह कुलस्ते (बीजेपी) – 5,85,720

ओमकार सिंह (कांग्रेस) – 4,75,521

2019 लोकसभा चुनाव के लिए प्रमुख उम्मीदवार

  • फगन सिंह कुलस्ते, बीजेपी
  • कमल मरावी, कांग्रेस
  • हीरासिंह मरकाम, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी

चौथे चरण के चुनाव लिए महत्वपूर्ण तिथियां

अधिसूचना  जारी 2 अप्रैल
नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 9 अप्रैल
नामांकन पत्र की जांच 10 अप्रैल
नामांकन वापसी की अंतिम तिथि 12 अप्रैल
मतदान की तारीख 29 अप्रैल
मतगणना की तारीख 23 मई

 

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)