मिश्रिख लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र, उत्तर प्रदेश: वर्तमान सांसद, उम्मीदवार, मतदान तिथि और चुनाव परिणाम

  • Follow Newsd Hindi On  
मिश्रिख लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र, उत्तर प्रदेश: वर्तमान सांसद, उम्मीदवार, मतदान तिथि और चुनाव परिणाम

उत्तर प्रदेश का मिश्रिख लोकसभा सीट एकबार फिर से नया ससांसद चुनने को तैयार है। 2014 के लोकसभा चुनाव में मोदी लहर में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) अंजू बाला को उतारकर यहां से कमल खिलाने में कामयाब रही थी। अंजू बाला ने बसपा के अशोक रावत को लगभग 90 हजार वोटों से हटाया था।

इस बार टिकट बंटवारे में मामला उल्टा हो गया। अशोक रावत को हराने वाली अंजू बाला का टिकट कट गया और भाजपा ने अशोक रावत को ही मैदान में उतारा है। सपा, बसपा गठबंधन से बसपा के खाते में यह सीट गई है। बसपा ने इस सीट पर डॉक्टर नीलू सत्यार्थी को अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं कांग्रेस ने पूर्व केंद्रीय मंत्री रामलाल राही की बहू मंजरी राही को टिकट दिया है। मिश्रिख से रामलाल राही चार बार सांसद रह चुके हैं।


मिश्रिख लोकसभा सीट पर चौथे चरण में 29 अप्रैल को चुनाव होने हैं।

महर्षि दधिचि की धरती कही जाने वाली मिश्रिख उत्तर प्रदेश के 80 लोकसभा सीटों में से एक है और इसे सीतापुर, हरदोई और कानपुर जिलों की विधानसभा सीटों को मिलाकर बनाया गया है। पौराणिक कथाओं में मिश्रिख शहर का अपना धार्मिक महत्व है और किवदंतियों के अनुसार, महर्षि दधिचि ने राक्षसों का दमन करने के लिए भगवान इंद्र को अपनी अस्थियां दान कर दी थी।

मिश्रिख लोकसभा सीट का इतिहास


1962 में यहां पर पहली बार हुए चुनाव में जनसंघ के गोकरण प्रसाद ने जीत हासिल की थी। इसके बाद 1967 में दूसरे ही चुनाव में कांग्रेस के संकटा प्रसाद ने जीत का परचम लहराया। 1971 के चुनाव में भी वह जीतने में सफल रहे। आपातकाल के बाद 1977 में हुए चुनाव में भारतीय लोकदल से रामलाल राही ने जीत हासिल की, लेकिन बाद में राही कांग्रेस में शामिल हो गए और 1980 का चुनाव भी जीत गए। कांग्रेस ने 1984 में संकटा प्रसाद को टिकट दिया और उन्होंने भी जीत हासिल की।

1989 और 1991 में कांग्रेस से रामलाल राही जीते, लेकिन 1996 में परागी लाल भाजपा प्रत्याशी के तौर पर उतरकर पहली बार कमल खिलाने में कामयाब रहे। उसके बाद से कांग्रेस आज तक इस सीट पर जीत दर्ज नहीं कर सकी। 1998 में बसपा के रामशंकर भार्गव और 1999 में सपा की सुशीला सरोज जीतकर लोकसभा पहुंचीं। 2004 और 2009 के लोकसभा चुनाव में अशोक रावत ने बसपा उम्मीदवार के तौर पर जीत हासिल की, लेकिन 2014 के चुनाव में मोदी लहर के सहारे भाजपा की अंजू बाला जीतने में कामयाब हो गईं।

मिश्रिख लोकसभा सीट पर 2014 तक 14 लोकसभा चुनाव हो चुके हैं, जिनमें से 7 बार कांग्रेस, 3 बार बसपा और 2 बार बीजेपी ने जीत हासिल की है। वहीं, सपा, भारतीय लोकदल और जनसंघ को एक-एक बार जीत मिली है।

मिश्रिख संसदीय सीट का समीकरण

मिश्रिख लोकसभा सीट के तहत पांच विधानसभा सीटें बालामऊ, संडीला, बिल्हौर, मिसरिख और मल्लावां विधानसभा सीटें आती हैं। इनमें मिश्रिख सीतापुर जिले से पड़ता है तो बिल्हौर कानपुर और बाकी तीन सीटें हरदोई जिले में पड़ती हैं।

मिश्रिख लोकसभा सीट पर 2011 के जनगणना के मुताबिक कुल जनसंख्या 25,66,927 है। यहां पर अनुसूचित जाति की आबादी इस सीट पर 32.98 फीसदी है।

इस बार होने वाले लोकसभा चुनाव में मिश्रिख में कुल मतदाताओं की संख्या 17,79,700 है। जिसमें पुरूष मतदाताओं की संख्या 9,67,830 है वहीं महिला मतदाताओं की संख्या 8,11,793 है।

2014 का लोकसभा चुनाव

2014 के लोकसभा चुनाव में मिश्रिख संसदीय सीट पर 57.86 फीसदी मतदान हुए थे। तब भाजपा उम्मीदवार अंजू बाला ने बसपा उम्मीदवार अशोक रावत को 87 हजार 363 वोटों से मात दी थी। अंजू बाला को 4,12,575 वोट और अशोक कुमार रावत को 3,25,212 वोट मिले थे, जबकि सपा के जय प्रकाश को 1,94,759 वोट मिले।

इस बार मिश्रिख सुरक्षित सीट पर त्रिकोणीय मुकाबले की स्थिति बन रही है। इस सीट पर बसपा छोड़कर भगवा झंडा थामने वाले पूर्व सांसद अशोक रावत पर भाजपा ने दांव लगाया है। गठबंधन ने डॉक्टर नीलू सत्‍यार्थी को टिकट दिया है। कांग्रेस ने पूर्व केंद्रीय मंत्री रामलाल राही की बहू मंजरी राही को टिकट दिया है। मिश्रिख से रामलाल राही चार बार सांसद रह चुके हैं। पिछले चुनाव में भाजपा की अंजू बाला ने जीत हासिल की थी। मिश्रिख लोकसभा सीट (सुरक्षित) पर इस बार 13 उम्मीदवार मैदान में हैं।

निवर्तमान सांसद: अंजू बाला

लोकसभा चुनाव 2014 के नतीजे

अंजू बाला, भाजपा – 4,12,575
अशोक कुमार रावत, बसपा  – 3,25,212
जय प्रकाश, सपा – 1,94,759

ओमप्रकाश, कांग्रेस – 33,075

2019 लोकसभा चुनाव के लिए प्रमुख उम्मीदवार

  • अशोक कुमार, भाजपा
  • डॉक्टर नीलू सत्यार्थी, बसपा(गठबंधन)
  • मंझरी राही, कांग्रेस

चौथे चरण के चुनाव लिए महत्वपूर्ण तिथियां

अधिसूचना  जारी 2 अप्रैल
नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 9 अप्रैल
नामांकन पत्र की जांच 10 अप्रैल
नामांकन वापसी की अंतिम तिथि 12 अप्रैल
मतदान की तारीख 29 अप्रैल
मतगणना की तारीख 23 मई

लोकसभा चुनाव 2019: चौथे चरण में 29 अप्रैल को इन सीटों पर होगी वोटिंग, देखें राज्यवार सूची

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)