समस्तीपुर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र, बिहार: वर्तमान सांसद, उम्मीदवार, मतदान तिथि और चुनाव परिणाम

  • Follow Newsd Hindi On  
समस्तीपुर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र, बिहार: वर्तमान सांसद, उम्मीदवार, मतदान तिथि और चुनाव परिणाम

बिहार का समस्तीपुर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र एकबार फिर से नया सांसद चुनने को तैयार है। 2014 के लोकसभा चुनाव में इस बार समस्तीपुर लोकसभा सीट रामविलास पासवान के छोटे भाई रामचंद्र पासवान ने कांग्रेस के डॉ अशोक कुमार को हराया था। इस बार भी समस्तीपुर सीट लोजपा के खाते में आई है। लोजपा ने फिर से रामचंद्र पासवान को टिकट दिया है। महागठबंधन की यह सीट कांग्रेस के पास है और पार्टी ने यहां से डॉ. अशोक कुमार पर भरोसा जताया है।

समस्तीपुर लोकसभा सीट पर चौथे चरण में 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे।


जननायक कर्पूरी ठाकुर की जन्मभूमि और कर्मभूमि समस्तीपुर लोकसभा क्षेत्र अपनी समृद्ध सियासी, सांस्कृतिक और औद्योगिक विरासत के लिए जाना जाता था। समस्तीपुर के लोगों ने समाजवादी विचारधारा के नेताओं को अपनाने में कभी भी हिचक नहीं दिखाई। इसी वजह से समस्तीपुर लोकसभा क्षेत्र समाजवादियों की पहली पसंद मानी जाती है। आजादी से अब तक कई बड़ी हस्तियों ने इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। वर्ष 1977 में कांग्रेस विरोधी लहर में लोकदल से कर्पूरी ठाकुर सांसद बने थे। उनके अलावा 1952 में सत्यनारायण सिन्हा, उनके बाद यमुना प्रसाद मंडल, अजीत कुमार मेहता, रामदेव राय, मंजय लाल, महेश्वर हजारी और आलोक मेहता ने इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। कर्पूरी ठाकुर एक बार बिहार के उपमुख्यमंत्री, दो बार मुख्यमंत्री और दशकों तक विधायक और विरोधी दल के नेता रहे।

समस्तीपुर लोकसभा सीट का इतिहास

1952 से लेकर 2014 तक समस्तीपुर लोकसभा सीट पर हुए 16 आम चुनावों में भाजपा एक बार भी जीत दर्ज नहीं कर सकी है। इमरजेंसी से पहले 1952 से 1971 तक इस सीट पर हुए 5 लोकसभा चुनावों में हर बार कांग्रेस ने जीत का पहचम लहराया। 1952, 1957 और 1962 में यहां से सत्यनारायण सिन्हा और 1967, 1971 में यमुना प्रसाद मंडल सांसद रहे।

समस्तीपुर से 1977 में पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर जनता पार्टी के उम्मीदवार के रूप में जीते। 1978 के उप चुनाव में और 1980 के आम चुनाव में समाजवादी विचारधारा के नेता व जनता पार्टी के उम्मीदवार अजीत कुमार मेहता को समस्तीपुर ने अपना प्रतिनिधि चुना। 2004 के चुनाव में राजद प्रत्याशी आलोक कुमार मेहता सांसद बने। लोकसभा क्षेत्रों के परिसीमन में समस्तीपुर अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित हो गया और 2009 के चुनाव में यहां से जेडीयू प्रत्याशी महेश्वर हजारी जीते। 2014 के चुनाव में लोजपा के रामचन्द्र पासवान सांसद बने।


2014 का लोकसभा चुनाव

समस्तीपुर सुरक्षित लोकसभा से 2014 के चुनाव में रामचन्द्र पासवान ने जीत हासिल की थी। तब मोदी लहर होने के बावजूद डॉ. अशोक कुमार लगभग 7 हजार वोटों के मामूली अंतर से हारे थे। इस बार भी कई जगह मोदी लहर का फिफ्टी-फिफ्टी असर है, पर रामचंद्र पासवान के प्रति थोड़ी नाराजगी है। क्योंकि वे पिछला चुनाव जीतने के बाद कभी उन इलाकों में गए ही नहीं। वे लोजपा अध्यक्ष रामविलास पासवान के छोटे भाई हैं। इससे पहले 1999 और 2004 में उन्होंने संसद में रोसड़ा का प्रतिनिधित्व किया। वे खगड़िया जिले के अलौली के निवासी हैं।रामचन्द्र पासवान फिलहाल दलित सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं।

समस्तीपुर संसदीय सीट का समीकरण

समस्तीपुर संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत छह विधानसभा क्षेत्र आते हैं – कुशेश्वर स्थान, हायाघाट, कल्याणपुर, वारिसनगर, समस्तीपुर और रोसड़ा। वर्ष 2015 के विधानसभा चुनाव में छह में से चार विधानसभा क्षेत्र में जदयू को जीत मिली थी। बाकी एक-एक सीट कांग्रेस-राजद के हिस्से में गयी थी। नये परिसीमन में समस्तीपुर की लोकसभा की सीट अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित है, लेकिन यहां की सियासत में पिछड़ा वर्ग निर्णायक भूमिका निभाता रहा है।

समस्तीपुर संसदीय क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या 16,36,983 हैं। यहां सबसे अधिक करीब चार लाख कुशवाहा वोटर हैं। दूसरे नंबर पर ढाई लाख से ज्यादा पासवान वोटर हैं। तीसरे नंबर पर करीब सवा दो लाख यादव वोटर हैं। इसके अलावा सवर्ण, मुस्लिम और पचपनिया वोटर भी हैं। कुशवाहा और यादव पिछड़ा वर्ग से आते हैं।

निवर्तमान सांसद: रामचंद्र पासवान

लोकसभा चुनाव 2014

रामचंद्र पासवान, लोजपा – 2,73,654
डॉ. अशोक कुमार, कांग्रेस – 2,63,529

2019 लोकसभा चुनाव के लिए प्रमुख उम्मीदवार

  • रामचंद्र पासवान, लोजपा/एनडीए
  • डॉ. अशोक कुमार, कांग्रेस/महागठबंधन

चौथे चरण के चुनाव लिए महत्वपूर्ण तिथियां

अधिसूचना  जारी 2 अप्रैल
नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 9 अप्रैल
नामांकन पत्र की जांच 10 अप्रैल
नामांकन वापसी की अंतिम तिथि 12 अप्रैल
मतदान की तारीख 29 अप्रैल
मतगणना की तारीख 23 मई

लोकसभा चुनाव 2019: चौथे चरण में 29 अप्रैल को इन सीटों पर होगी वोटिंग, देखें राज्यवार सूची

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)