एनसीबी ने 3 विदेशी नागरिकों को किया गिरफ्तार, 8 किलो हेरोइन, 1 किलो कोकीन जब्त

  • Follow Newsd Hindi On  

नई दिल्ली, 5 फरवरी (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय ड्रग तस्करों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने शुक्रवार को 3 विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। साथ ही 8 किलोग्राम हेरोइन और 1 किलो कोकीन भी जब्त की है।

एनसीबी के उप निदेशक (संचालन) के.पी.एस. मल्होत्रा ने कहा, ड्रग तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एनसीबी की दिल्ली जोनल यूनिट ने 8 किलो हेरोइन और 1 किलो कोकीन जब्त की है। साथ ही युगांडा की 2 नागरिकों और 1 नाइजीरियाई नागरिक को गिरफ्तार किया है।


मल्होत्रा ने कहा कि दिल्ली यूनिट दिसंबर महीने में गिरफ्तार किए गए आरोपियों से मिली जानकारियों पर काम कर रही थी। इन आरोपियों से 5.350 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई थी। इसी जानकारी के आधार पर सफल ऑपरेशन किया गया। हमने 28 जनवरी को जाल बिछाकर युगांडा के नागरिकों – जेसेंट नाकालुंगी (42) और शरीफा नामागांडा (28) को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से पकड़ा।

उन्होंने कहा, दोनों महिलाओं ने अपने सामान में 4-4 किलो हेरोइन और 500-500 ग्राम कोकीन छिपाई हुई थी। पूछताछ में पता चला कि दोनों चचेरी बहनें हैं और वे शरीफा के इलाज के लिए मेडिकल वीजा पर भारत आईं थीं। आगे की जांच में नाइजीरियाई नागरिक किंग्सले सामने आया, जो इनसे प्रतिबंधित सामग्री रिसीव करने वाला था। फिर उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।

उन्होंने आगे कहा, इस मामले में हुई जब्ती इस नेटवर्क से मादक पदार्थों की तस्करी के रिवर्स रूट की ओर इशारा करती है। नॉर्थ वेस्ट फ्रंटियर और हाई सीज पर सीमा सुरक्षा बलों द्वारा सख्ती करने से नशीले पदार्थों के तस्करों को अफ्रीका के हॉर्न के जरिए मोजांबिक होते हुए तस्करी करने पर मजबूर होना पड़ा है। तस्करी की गई हेरोइन विभिन्न शिपमेंट्स में छिपी होती है। फिर यह अफ्रीका के अन्य हिस्सों में पहुंचती है, जहां से संगठित सिंडिकेट संभावित वाहकों की व्यवस्था करते हैं और विभिन्न तरीकों से इन्हे यहां भेजते हैं।


–आईएएनएस

एसडीजे/एएनएम

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)