बॉलीवुड के सितारों को उंगलियों पर नचाने वाली मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान का निधन

  • Follow Newsd Hindi On  

बॉलीवुड की मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान का गुरुवार देर रात मुंबई में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि कार्डियक अरेस्ट से उनकी मौत हुई। सांस लेने में तकलीफ होने की शिकायत के बाद उन्हें बांद्रा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

उनका कोविड-19 परीक्षण भी कराया गया था, लेकिन टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आई थी। सरोज खान 71 साल की थीं। उन्होंने कई फिल्मों के लोकप्रिय गानों को कोरियोग्राफ किया था। उन्हें सब प्यार से मास्टर जी कह कर बुलाते थे।


20 जून को सांस लेने में तकलीफ के बाद सरोज खान को मुंबई के गुरुनानक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उनकी तबीयत में सुधार हो रहा था। लेकिन गुरुवार रात अचानक से उनकी तबीयत बिगड़ी और उनका निधन हो गया।

शुक्रवार को मलाड के मालवाणी कब्रिस्तान में उनका पार्थिक शरीर सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। सरोज खान ने बॉलीवुड के सैकड़ों गानों को कोरियोग्राफ किया था। सरोज के पिता का नाम किशनचंद सद्धू सिंह और मां का नाम नोनी सद्धू सिंह था।

विभाजन के बाद सरोज का परिवार पाकिस्तान से भारत आ गया था। सरोज ने तीन साल की उम्र में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट फिल्मों में काम करना शुरू किया था। उनकी पहली फिल्म नजराना थी जिसमें उन्होंने श्यामा नाम की बच्ची का किरदार अदा किया था।


50 के दशक में सरोज खान ने बतौर बैकग्राउंड डांसर काम करना शुरू कर दिया था। उन्होंने कोरियोग्राफर बी.सोहनलाल के साथ ट्रेनिंग ली।  सरोज खान की मुख्य फिल्मों में मिस्टर इंडिया, नगीना, चांदनी, तेजाब, थानेदार और बेटा हैं।

सरोज खान ने पहले मास्टर बी. सोहनलाल से शादी की थी। दोनों की उम्र में 30 साल का अंतर था। शादी के वक्त सरोज की उम्र 13 साल थी। इस्लाम धर्म अपना कर उन्होंने 43 साल के बी. सोहनलाल से शादी की। सोहनलाल की ये दूसरी शादी थी।

पहली शादी से उनके चार बच्चे थे। सरोज खान ने अपने एक इंटरव्यू में बताया था कि ‘मैं उन दिनों स्कूल में पढ़ती थी तभी एक दिन मेरे डांस मास्टर सोहनलाल ने गले में काला धागा बांध दिया और मेरे शादी हो गई थी।

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)