Delhi: आज से कस्तूरबा अस्पताल के डॉक्टर हड़ताल पर, वेतन न मिलने पर सामूहिक इस्तीफा का दिया अल्टीमेटम

  • Follow Newsd Hindi On  
Delhi: आज से कस्तूरबा अस्पताल के डॉक्टर हड़ताल पर, वेतन न मिलने पर सामूहिक इस्तीफा का दिया अल्टीमेटम

कुछ दिनों पहले दिल्ली के उत्तरी निगम के हिंदूराव अस्पताल के कर्मचारियों ने वेतन को लेकर हड़ताल कर दिया था। इसके बाद अब खबर आ रही है कि कस्तूरबा अस्पताल के रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (RDA) ने भी हड़ताल का एलान कर दिया है।

डॉक्टरों ने बुधवार से लेकर एक सप्ताह की हड़ताल की घोषणा की है। इसके अलावा प्रशासन को अल्टीमेटम भी दिया है कि अगर 20 अक्टूबर तक वेतन जारी नहीं हुआ तो आरडीए के सभी डॉक्टर सामूहिक इस्तीफा देने पर मजबूर होंगे।


इसके अलावा डॉक्टरों ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस बार एक माह का वेतन से बात नहीं बनेगी, बल्कि पूरा तीन माह का बकाया वेतन चाहिए और यह भी विश्वास चाहिए कि आगे से वेतन में देरी नहीं होगी।

कस्तूरबा अस्पताल के आरडीए के अध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार ने बताया है कि हर बार हमें वेतन के लिए आंदोलन करना पड़ता है। इस बार भी तीन माह से वेतन जारी नहीं हुआ है। इससे डॉक्टरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घर का किराया देने से लेकर डॉक्टरों को अपने जरुरी कार्यों के लिए भी एक-एक पैसे के लिए मोहताज होना पड़ता है।

उन्होंने आगे कहा कि इस बार हमें तीन माह का बकाया वेतन चाहिए। अगर, प्रशासन वेतन नहीं देता हैं तो हम लोग 20 अक्टूबर के बाद सामूहिक इस्तीफे के लिए मजबूर होंगे।


बता दें कि जब बाड़ा हिंदूराव अस्पताल को कोरोना के मरीजों के लिए आरक्षित किया गया था तो महिला मरीजों को कस्तूरबा अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया था। इससे कस्तूरबा अस्पताल पर मरीजों का दबाव काफी बढ़ गया था। उत्तरी निगम का यह बड़ा अस्पताल हैं।

अचानक से हड़ताल होने के बाद यहां पर मरीजों की परेशानी बढ़ सकती है। इस पर प्रशासन का कहना है कि वह डॉक्टरों से बातचीत में लगे हुए हैं, अगर जरुरी पड़ी तो वरिष्ठ डॉक्टरों को ड्यूटी पर तैनात किया जाएगा।

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)