गांधी के बाद नेहरू, पटेल ने मिलकर भारत का निर्माण किया : गुहा

  • Follow Newsd Hindi On  

 कोलकाता, 20 जनवरी (आईएएनएस)| इतिहासकार रामचंद्र गुहा ने रविवार को कहा कि 1948 में गांधी की हत्या के बाद जवाहरलाल नेहरू और सरदार पटेल ने मिलकर भारत का निर्माण किया।

 गुहा ने कहा कि आज निहित स्वार्थी लोग दोनों दिग्गजों के बीच प्रतिद्वंद्विता की कहानियां पेश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पटेल और नेहरू दोनों ने आधुनिक भारत की बुनियाद खड़ी करने में मदद की।


अपीजे कोलकाता साहित्योत्सव के समापन के दिन लेखक-अनुवादक त्रिदिप सुहरुद के साथ एक सत्र के दौरान उन्होंने कहा, “गांधी के निधन के बाद पटेल और नेहरू ने अपने मतभेदों को दरकिनार कर दिया और भारत को एकजुट बनाए रखा। उन्होंने आधुनिक भारत की बुनियाद रखी। पटेल के निधन के बाद भी नेहरू ने गांधी की विरासत को आगे बढ़ाया।”

गुहा ने इस बात पर खेद जताया कि दोनों नेताओं को मरणोपरांत निहित स्वार्थी लोग एक-दूसरे के प्रतिद्वंद्वी के रूप में पेश कर रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि गांधी की अधिकांश आलोचनाएं निराधार हैं और नासमझी के कारण हैं।


गुहा ने कहा, “लेकिन गांधी को उनके निजी जीवन में परास्त करना असंभव है।”

उन्होंने कहा कि नेहरू की आलोचना अलग है।

गुहा ने दावा किया, “नेहरू के वंशज उनकी विरासत का गलत तरीके से दावा करते हैं। जब (कांग्रेस अध्यक्ष) राहुल गांधी राजीति से संन्यास लेंगे तभी हम सही मायने में नेहरू की महानता को समझ पाएंगे। पीढ़ियों द्वारा लगातार किए गए गलत कामों को नेहरू से जोड़ दिया गया है।”

अपीजे कोलकाता साहित्योत्सव का यह 10वां संस्करण है और यह रविवार शाम संपन्न हो रहा है।

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)