Ganesh Chaturthi 2020: एक मुस्लिम देश ऐसा भी जहां के नोट पर छप चुकी है गणपति की तस्वीर? जानिए इसकी वजह

  • Follow Newsd Hindi On  
Ganpati's picture printed on Indonesian note

Ganesh Chaturthi 2020: आज पूरे देश में गणेश चतुर्थी का त्योहार मनाया जा रहा है, हिंदू धर्म शास्त्रों में हर शुभ कार्य से पहले गणपित पूजा का विधान है। गणपति की पूजा केवल भारत में नहीं की जाती है बल्कि  गणपति बप्पा को इंडोनेशिया में भी पूजा जाता है। इंडोनेशिया की 87.5 फीसदी आबादी इस्लाम धर्म को मानती है। वहां सिर्फ 3 फीसदी हिन्दू होने के बावजूद लोग गणपति की पूजा करते हैं।

एक बात जानकर आप थोड़े हैरान जरूर होंगे लेकिन ये हकीकत है। दरअसल इंडोनेशिया के नोटों पर गणपति की तस्वीर विराजमान रह चुकी है। दुनिया के सबसे बड़ी मुस्लिम आबादी वाले देश इंडोनेशिया में आखिर क्यों गणपति की तस्वीर छपी थी आइए जानते हैं इसकी कहानी।


आखिर क्यों नोट पर विराजमान थे गणपति

इंडोनेशिया की मुद्रा पर गणेश की तस्वीर रह चुकी है। इंडोनेशियन करेंसी को रूपियाह कहते हैं औऱ वहां के 20 हजार के नोट पर गणपति की तस्वीर है। गणेश जी को वहां पर कला,शिक्षा और विज्ञान के देवता के तौर पर माना जाता है। इस नोट पर गणपति के साथ वहां के शिक्षा मंत्री की भी तस्वीर आपको देखने को मिलेगी।

ये खास नोट को इसलिए जारी किया गया था क्योकिं सालों पहले वहां की अर्थव्यवस्था काफी बुरी तरह चरमरा गई थी, जिसके बाद 20 हजार का नोट जारी किया गया था। तब से कुछ लोगों का मानना है कि नोट पर भगवान गणेश को अंकित करने के बाद अर्थवयवस्था में मजबूती आई।


ये खास नोट इंडोनेशियन सरकार ने साल 1998 में जारी किए थे, लेकिन गणेश जी की फोटो वाला 20,000 का इंडोनेशिया का नोट 10 साल तक प्रचलन में रहने के बाद 2008 के आखिर में बंद कर दिया गया। नोट पर सामने वाले हिस्से में भगवान गणेश की तस्वीर है, जबकि पीछे वाले हिस्से में क्लासरूम की फोटो छपी है। जिसमें छात्र और शिक्षक की तस्वीरें हैं।

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)