गोल्फ : पैनासोनिक ओपन के दूसरे दिन अजितेश तीसरे स्थान पर

  • Follow Newsd Hindi On  

नई दिल्ली, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)| अजितेश संधू ने यहां दिल्ली गोल्फ क्लब (डीजीसी) में खेले जा रहे पैनासोनिक ओपन के आठवें संस्करण के तीसरे दिन शुक्रवार का अंत तीसरे स्थान के साथ किया। वह पहले स्थान पर काबिज थाईलैंड के सुराडिट योंगचारोंचाई (66-67) और बांग्लादेश के सिद्दीकुर रहमान (67-66) से एक शॉट पीछे हैं।

कुल मिलाकर लीडरबोर्ड में भारतीय खिलाड़ियों का जलवा जारी है। शीर्ष-14 में आधे से ज्यादा भारतीय हैं।


अजितेश के बाद राशिद खान पांचवें स्थान पर हैं। वरिष्ठ खिलाड़ी जीव मिल्खा सिंह छठे स्थान पर हैं।

सुराडिट अपने पहले एशियन टूर खिताब की तलाश में हैं। यह टूर्नामेंट रविवार को खत्म हो रहा है और रविवार को ही उनका जन्मदिन है। थाईलैंड के इस खिलाड़ी ने बिना बोगी के 67 का स्कोर किया। वहीं सिद्दीकुर ने आठ बर्डी और दो बोगी लगाईं और दिन का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 66 किया।

इस टूर्नामेंट से पेशेवर गोल्फ में पदार्पण कर रहे क्षितिज कौल और युवराज संधू ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 66 का स्कोर किया। कौल ने पहले दिन 72 का स्कोर किया था। दो दिन के स्कोर के बाद वह कट हासिल करने में सफल रहे हैं वह संयुक्त रूप से 12वें स्थान पर हैं।


पहले दिन 81 का स्कोर करने वाले युवराज ने शानदार वापसी करते हुए दूसरे दिन 15 शॉट की बढ़त ली और 66 का स्कोर किया। वह हालांकि कट से एक अंक से चूक गए। इस टूर्नामेंट से पेशेवर गोल्फ में पदार्पण कर रहे आदिल बेदी कट हासिल नहीं कर पाए। उन्होंने पहले दिन 77 और दूसरे दिन 74 का स्कोर किया।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)