गोवा में ‘पर्यटन के पतन’ पर गठबंधन सहयोगी ने सरकार को घेरा

  • Follow Newsd Hindi On  

पणजी, 27 सितंबर (आईएएनएस)| राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सहयोगी गोवा फॉरवर्ड पार्टी के अध्यक्ष विजय सरदेसाई ने गोवा में पर्यटन के पतन के लिए शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की अगुवाई वाली गठबंधन सरकार को जिम्मेदार ठहराया। पूर्व उप-मुख्यमंत्री सरदेसाई ने विश्व पर्यटन दिवस पर एक ट्वीट करते हुए कहा कि राज्य सरकार को टुकड़ों में काम करने के बजाय एक व्यापक पर्यटन नीति तैयार करने की जरूरत है।

विजय सरदेसाई ने अपने टवीट् के जरिए गठबंधन सरकार को कई मुद्दों पर घेरा। उन्होंने गोवा में बढ़ते सेक्स, ड्रग्स, जुआ और न्यूड पार्टी के लिए सरकार की गलत नीतियों को दोषी ठहराया। उन्होंने यहां की विरासत, संस्कृति और समुद्री तटों की स्वच्छता को गोवा वासियों की जरूरत बताया।


सरदेसाई का ट्वीट उस समय आया है, जब गोवा में आयोजित होने वाली एक न्यूड पार्टी की प्रचार सामग्री वायरल हो गई है। इस प्रचार सामग्री के सामने आने के बाद से ही राज्य सरकार बैकफुट पर है।

मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बुधवार को कहा था कि जो भी लोग इस पार्टी के आयोजन में शामिल हैं, उनके जल्द गिरफ्तार होने की संभावना है।

एक अन्य ट्वीट में सरदेसाई ने गोवा के पर्यटन हितों को बढ़ावा देने के लिए एक एक समग्र दृष्टिकोण सुनिश्चित करने के लिए भी आह्वान किया।


सरदेसाई गोवा फॉरवर्ड पार्टी के एक विधायक हैं, जो राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का एक हिस्सा है।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)