गोवर्धन पूजा, अन्नकूट महोत्सव में ब्रज में लगा भक्तों का तांता

  • Follow Newsd Hindi On  

गोवर्धन (मथुरा), 29 अक्टूबर (आईएएनएस)| भगवान श्रीकृष्ण-राधा से संबंधित पावन स्थल ब्रज मंडल में इस वक्त उत्सव का समय है। ब्रज मंडल के अन्तर्गत गोवर्धन, वृंदावन, गोकुल, बरसाना और मथुरा ये सभी क्षेत्र आते हैं। दिवाली अभी-अभी खत्म हुई है, ऐसे में गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव के चलते लाखों की संख्या में भक्त यहां एकत्रित हुए हैं।

पांच दिवसीय दीपावली समारोह का समापन मंगलवार को यमुना नदी के किनारे मथुरा के विश्राम घाट पर एक विशेष स्नान के साथ संपन्न हुआ।


स्थानीय ‘पंडा’ मधु मंगल ने कहा, “यमुना के भाई यमराज को खुश करने के लिए भाई-बहन मिलकर यमुना में डुबकी लगाते हैं। यमराज को समर्पित एकमात्र मंदिर मथुरा में है। डुबकी लगाने की इस प्रथा के बाद भक्त मंदिर में यमराज की पूजा करेंगे और उनका दर्शन करेंगे।”

इस बीच, गोवर्धन पहाड़ी की 21 किलोमीटर लंबी परिक्रमा करने के बाद दुनिया भर से श्रद्धालु मंदिर में अन्नकूट भोज में भाग लेने के लिए एकत्रित होते हैं(कहा जाता है कि श्रीकृष्ण ने इंद्र देव के प्रकोप से ब्रजवासियों को बचाने के लिए इसे अपनी छोटी उंगली से उठा लिया था।)

मथुरा निवासी पंडित पवन गौतम ने कहा, “चावल, कढ़ी से लेकर खीर और बर्फी तक कई तरह की सब्जियां और मिठाइयां पेश की जाती है। इसमें भारतीय व्यंजनों की झलक मिलती है और अब तो इसमें आईसक्रीम भी शामिल है।”


पवित्र गोवर्धन पहाड़ी इस उत्सव का केंद्र है क्योंकि लाखों की तादात में भक्त परिक्रमा करते हैं और इसके केंद्र में स्थित मानसी गंगा में पवित्र स्नान करते हैं।

शुक्रवार से इस महोत्सव में भगवान श्रीकृष्ण के कई विदेशी भक्त भी शामिल हैं।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)