गुजरात नगर निगमों चुनाव में आम आदमी पार्टी की एंट्री

  • Follow Newsd Hindi On  

नई दिल्ली, 23 फरवरी (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी ने गुजरात में संपन्न हुए नगर निगमों के चुनाव में एंट्री की है। आप के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने इसपर कहा, नई राजनीति की शुरूआत करने के लिए गुजरात के लोगों को दिल से बधाई।

केजरीवाल ने कहा कि, गुजरात के लोगों ने काम की राजनीति को वोट दिया है। गुजरात के लोग भाजपा और कांग्रेस की राजनीति से त्रस्त थे। गुजरात के लोगों को एक विकल्प चाहिए था और आम आदमी पार्टी के रूप में उनको यह विकल्प मिला है। अब आने वाला चुनाव सिर्फ आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच होगा।


वहीं, आप के प्रवक्ता एवं विधायक सौरभ भारद्वाज ने कहा कि, मोदी के गढ़ में लोग अब मौका कांग्रेस की जगह आम आदमी पार्टी को दे रहे हैं। यह पहली बार सच होने जा रहा है कि गुजरात में सिर्फ भाजपा और आम आदमी पार्टी ही है, वहां कांग्रेस नाम की कोई तीसरी पार्टी नहीं है।

उन्होंने कहा कि देश भर से कांग्रेस अब खत्म होती जा रही है। जब तक कांग्रेस खत्म नहीं होगी, तब तक भाजपा की सरकारें बनती रहेंगी, क्योंकि कांग्रेस भाजपा की ऑक्सीजन हैं।

सौरभ भारद्वाज ने रूझानों का हवाला देते हुए कहा कि अभी तक आप सूरत में 27 सीटें जीत गई है और 17 सीटों पर दूसरे नंबर पर है, जबकि राजकोट में 13 और अहमदाबाद में 16 सीटों के साथ दूसरे नंबर पर है।


दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि, गुजरात के सभी शहरों में लोग आम आदमी पार्टी पर भरोसा जता रहे हैं। भाजपा के गढ़ सूरत में आम आदमी पार्टी नंबर दो पर है। लोग अब परिवर्तन चाह रहे हैं और वो आम आदमी पार्टी के रूप में देख रहे हैं। अभी तक गुजरात में जो सेटिंग की राजनीति थी, उसका अंत हो गया। अब सेटिंग की राजनीति नहीं चलेगी, अब जनता के मुद्दे चलेंगे।

–आईएएनएस

जीसीबी/एएनएम

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)