हैदराबाद में परंपरागत हर्षोल्लास से मनाई गई ईद मिलादुन्नबी

  • Follow Newsd Hindi On  

 हैदराबाद, 10 नवंबर (आईएएनएस)| पैगंबर मुहम्मद साहब की जयंती पर मनाई जाने वाली ईद मिलादुन्नबी हैदराबाद व तेलंगाना के अन्य हिस्सों में रविवार को शांतिपूर्वक मनाई गई।

 पर्व के मद्देनजर राज्य में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस ने अयोध्या फैसले के मद्देनजर पुराने हैदाराबाद के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बलों को तैनात किया था।


पुराने शहर की ऐतिहासिक मक्का मस्जिद व अन्य हिस्सों में कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स और सिटी आर्म्ड रिजर्व के कर्मियों को तैनात किया गया था।

सैकड़ों की संख्या में युवाओं ने पूरे शहर में निकले जुलूसों में हिस्सा लिया। उनके हाथों में हरे झंडे थे और वे पैगंबर की शान में नारे लगा रहे थे। मुख्य जुलूस ऐतिहासिक चारमीनार के पास निकला।

पुलिस उपायुक्त अविनाश मोहंती ने कहा कि किसी भी अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि शांति और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस ने पूरी चौकसी बना रखी है।


ईद मिलादुन्नबी को पूरे श्रद्धा व उल्लास से मनाया गया। इस मौके पर जुलूसों के अलावा धार्मिक सभाओं का आयोजन किया गया जिन्हें महफिल-ए-मिलाद कहा जाता है। इनमें पैगंबर साहब के संदेशों पर प्रकाश डाला गया। इस अवसर पर गरीबों को खाना खिलाया गया और रक्तदान शिविर लगाए गए।

पुराने शहर और शहर के अन्य मुस्लिम बहुल इलाकों को सजाया गया और घरों व अन्य भवनों में रोशनी की गई।

सामाजिक-धार्मिक संगठन मजलिस-ए-तामीर-ए-मिल्लत द्वारा प्रदर्शनी ग्राउंड पर आयोजित 70वें वार्षिक जलसे में हजारों लोगों ने हिस्सा लिया। इसे मौलाना कलीम सिद्दीकी, मौलाना सैयद अशहद रशीदी और मौलाना मुफ्ती सनाउल हुदा कासमी ने संबोधित किया।

आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमएम) ने अपना सालाना जलसा शुक्रवार रात अपने मुख्यालय पर आयोजित किया। इसे पार्टी प्रमुख व हैदाराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी के साथ कई अन्य धार्मिक नेताओं ने संबोधित किया।

तेलंगाना राज्यपाल तमिलसाई सौंद्राराजन व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने इस अवसर पर मुस्लिम समुदाय को बधाई दी। इन्होंने मुहम्मद साहब के प्रेम, भाईचारे के संदेश को अपनाने पर जोर दिया।

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)