गुरुग्राम : डॉक्टर ने की पत्नी और दो बच्चों की हत्या, खुद भी दे दी जान

  • Follow Newsd Hindi On  

आज डॉक्टर्स डे के दिन एक डॉक्टर के घर से ही बुरी खबर आ रही है। दिल्ली से सटे हरियाणा के गुरुग्राम में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक डॉक्टर ने अपने पूरे परिवार की तेजधार हथियार से हत्या करने के बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ये घटना गुरुग्राम के उप्पल साउथेंड एस ब्लॉक सेक्टर 49 फ्लैट नंबर 299 ग्राउंड फ्लोर में रहने वाले डॉक्टर प्रकाश सिंह ने बीती रात अपनी पत्नी, बेटे और बेटी की हत्या कर दी। तीनों की हत्या करने के बाद आरोपी डॉक्टर ने खुद भी आत्महत्या कर ली। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।


खबरों के अनुसार ये परिवार मूलरूप से यूपी के वाराणसी के रहने वाला था। प्रकाश सिंह पिछले 8 साल से गुरुग्राम के सेक्टर 49 में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि प्रकाश सिंह की पत्नी सोनू सिंह के चार प्ले स्कूल थे। खुद डॉक्टर प्रकाश भी एक फार्मेसी कंपनी से जुड़े हुए थे। गुरुग्राम पुलिस की मानें तो उनके पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उऩ्होंने लिखा है- ‘मैं अपने परिवार को संभाल नहीं पा रहा था।’

वहीं, सुसाइड नोट को लेकर पड़ोसियों का कहना है कि  प्रकाश सिंह का परिवार बहुत ही मजबूत था। पत्नी डॉक्टर सोनू सिंह हर सामाजिक कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती थी और कभी भी चंदा देने में पीछे नहीं हटती थीं। ऐसे में यह अनुमान तो लगाया ही जा सकता है कि परिवार आर्थिक रूप से कमजोर नहीं था।

गौरतलब है कि हाल ही में दिल्ली के महरौली में भी ऐसी ही घटना सामने आई थी। इस इलाके में 22 जून की रात को उपेंद्र शुक्ला ने पत्नी और दो बेटियों को मारा डाला फिर खुद भी आत्महत्या करने की बात कह रहा था। पुलिस के मुताबिक, आरोपित उपेंद्र शुक्ला ने वारदात वाली शाम दो लीटर दूध खरीदा था। पुलिस को शक है कि उसी दूध में कुछ नशीली दवा मिलाकर बच्चों को पिला दिया। इसके बाद बच्चे बेहोश हो गए और उसने उनका क़त्ल कर दिया। आरोपित ने हत्या करने के बाद एक नोट भी लिखा जिसमें उसने अपने पूरे परिवार की हत्या करने की बात कबूली थी।


(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)