हरियाणा : जेल में सजा काट रहे राम रहीम ने खेती करने के लिए मांगी पैरोल

  • Follow Newsd Hindi On  
हरियाणा : जेल में सजा काट रहे राम रहीम ने खेती करने के लिए मांगी पैरोल

हरियाणा के रोहतक जेल में सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम ने जेल प्रशासन से एक अजीब मांग रखी है। यौन शोषण और पत्रकार हत्या मामले में सजायाफ्ता राम रहीम ने खेती करने के लिए पैरोल की अपील की है। राम रहीम के आवेदन पर अब जेल अधीक्षक ने सिरसा के डेप्युटी कमिश्नर को पत्र लिखकर इस मामले में कानूनी राय मांगी गई है।

जेल में अच्छे आचरण पर मांगा पैरोल

पत्र में राम रहीम पर दो अन्य मामले लंबित होने का उल्लेख भी किया गया है। हालांकि, पत्र में बताया गया है कि बंदी गुरमीत राम रहीम का जेल में आचरण अच्छा है। अब जिला प्रशासन को यह आकलन करना होगा कि राम रहीम की पैरोल के लिए अनुशंसा की जाए या नहीं। वैसे यह संभावना कम है कि जिला प्रशासन पैरोल के लिए अनुशंसा करे।


पैरोल की मांग का चुनाव कनेक्शन

राम रहीम की अपील पर जेल प्रशासन की ओर से भेजे गए इस पत्र को राजनीतिक तरीके से भी देखा जा रहा है। कहा जा रहा है कि यह पत्र हरियाणा सरकार की तरफ से लिखवाया गया है। आरोप है कि हरियाणा में अगले तीन-चार महीनों में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। राम रहीम के हरियाणा में लाखों समर्थक हैं। अगर उन्हें सरकार ने परोल पर रिहा किया तो इसका लाभ सरकार को सीधे तौर पर होगा।

उम्रकैद की सजा के साथ 50 हजार का जुर्माना भी लगाया

जनवरी में सीबीआई की विशेष अदालत ने पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में गुरमीत राम रहीम समेत चार लोगों को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। जज जगदीप सिंह की अदालत ने फैसला सुनाया था कि राम रहीम की यह सजा साध्वी यौन शोषण मामले की 20 वर्ष की सजा पूरी होने के बाद शुरू होगी। सभी दोषियों पर 50 हजार जुर्माना भी लगाया गया था।


पत्रकार हत्या मामले में गुरमीत राम रहीम समेत 4 को उम्रकैद


(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)