हिमाचल: भाजपा प्रमुख पर 2 दिन का प्रतिबंध, राहुल गांधी पर अपमानजनक टिप्पणी का था आरोप

  • Follow Newsd Hindi On  
हिमाचल: भाजपा प्रमुख पर 2 दिन का प्रतिबंध, राहुल गांधी पर अपमानजनक टिप्पणी का था आरोप

शिमला | निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश भाजपा प्रमुख सतपाल सिंह सत्ती के प्रचार करने पर शनिवार से दो दिन का प्रतिबंध लगाया। सत्ती ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के प्रति अभद्र और अपमानजनक टिप्पणी की थी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में कांग्रेस प्रमुख के नारे ‘चौकीदार चोर है’ के जवाब में सत्ती ने 13 अप्रैल को एक रैली में कहा था कि राहुल गांधी और उनका परिवार ‘चोर’ है।


सोलन जिले के नालागढ़ तहसील के रामशहर कस्बे में हुई भाजपा की रैली में सत्ती द्वारा की गई टिप्पणियों की कांग्रेस की ओर से की गई शिकायत पर बद्दी थाने की पुलिस सत्ती के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 294 के तहत मामला दर्ज कर चुकी है।

निर्वाचन आयोग सत्ती द्वारा दो दिन बाद दूसरी रैली में राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा के बारे में की गई अभद्र टिप्पणी पर उन्हें दूसरा नोटिस भी भेज चुका है। उनका जवाब अभी विचाराधीन है।

इस रैली में सत्ती ने कहा था कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री पद के योग्य नहीं हैं, क्योंकि वह अपनी मां सोनिया गांधी के लिए बहू नहीं ला पाए।


उन्होंने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के पहनावे की शैली और मतदाताओं को लुभाने उनके तरीके पर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।

हिमाचल प्रदेश में लोकसभा की चार सीटों के लिए मतदान अंतिम चरण में 19 मई को होगा।


हिमाचल: राहुल गांधी पर आपत्तिजनक टिप्पणी के लिए भाजपा अध्यक्ष पर FIR, चुनाव आयोग ने भेजा नोटिस

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)