हिंसाग्रस्त भाटपाड़ा में सामान्य हो रहे हालात, भाजपा प्रतिनिधिमंडल करेगा दौरा

  • Follow Newsd Hindi On  

कोलकाता, 22 जून (आईएएनएस)| पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के भाटपाड़ा में कड़ी सुरक्षा और पुलिस निगरानी के बीच हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं। शनिवार सुबह कुछ दुकानें और सरकारी कार्यालय खुले और निजी वाहनों को सड़कों पर देखा गया। हालांकि, बैरकपुर औद्योगिक क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इलाके में दो दिनों की हिंसा के बाद दहशत और आशंका के माहौल चलते कई स्कूल, कारखाने और निजी संस्थान बंद रहे। हिंसा में दो लोगों की मौत हो गई जबकि कम से कम चार लोग घायल हो गए।

बाहरी लोगों को क्षेत्र में प्रवेश से रोकने के लिए घोषपारा और कल्याणी हाईवे के पास महत्वपूर्ण क्रॉसिंग पर कई पुलिस पिकेट बनाए गए हैं।


स्थानीय पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) के जवानों ने शनिवार सुबह भाटपाड़ा और उसके आसपास रूट मार्च किया।

सांसदों एस.एस. अहलूवालिया, विष्णु दयाल राम और सत्यपाल सिंह वाले तीन सदस्यीय भाजपा प्रतिनिधिमंडल द्वारा हालात का जायजा लेने और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह को एक रिपोर्ट सौंपने के लिए अपराह्न बाद इलाके का दौरा किया जाएगा।

कांग्रेस और वाम दल के नेताओं का एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल भी मौके का दौरा करेगा।


23 मई को चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद से बैरकपुर संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल है।

भाटपाड़ा से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के पूर्व विधायक अर्जुन सिंह, जो चुनाव से ठीक पहले भाजपा में शामिल हो गए, उन्होंने बैरकपुर लोकसभा सीट जीती, जबकि उनके बेटे पवन सिंह ने भाटपाड़ा से विधानसभा उपचुनाव जीता था।

क्षेत्र में एक ताजा घटनाक्रम में गुरुवार को पुलिस गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई और कम से कम चार अन्य घायल हो गए जिससे प्रशासन को प्रभावित क्षेत्रों में निषेधाज्ञा लागू करनी पड़ी।

पुलिस की बर्बरता के खिलाफ, स्थानीय सांसद अर्जुन सिंह के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को बैरकपुर पुलिस आयुक्तालय के बाहर प्रदर्शन किया था।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)