हज 2021 की तैयारियों को लेकर केंद्रीय मंत्री नकवी सोमवार को करेंगे बैठक

  • Follow Newsd Hindi On  

नई दिल्ली, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। 2021 में होने वाली हज यात्रा के लिए भारत सरकार ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसको लेकर ेसोमवार सुबह 11 बजे वर्चुवल बैठक भी की जाएगी जिसमें अल्पसंख्यक मामलों के केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी, हज कमिटी ऑफ इंडिया के सीईओ मकसूद अहमद और अन्य सम्बंधित अधिकारी शामिल रहेंगे। हालांकि अभी तक हज यात्रा 2021 के लिए सऊदी अरब की ओर से गाइडलाइंस जारी होने का इंतजार किया जा रहा है। इस मसले पर भारत और सऊदी अरब की सरकार आपस में संपर्क बनाए हुए है।

हज कमिटी ऑफ इंडिया के सीईओ मकसूद अहमद ने आईएएनएस को बताया, कल होने वाली बैठक के बाद ही कुछ फैसला हो सकेगा कि भविष्य में क्या करना है। क्योंकि अभी तक सऊदी की तरफ से भी हमारे पास कोई गाइडलाइंस नहीं आई है। हालांकि अभी कुछ कह पाना मुश्किल है। बैठक होने के बाद ही कुछ तय हो सकेगा कि लोग कब से हज को लेकर आवेदन कर सकतें हैं।


दरअसल कोरोना के चलते इस साल यात्री भारत से हज यात्रा पर नहीं जा सके थे। वहीं 2021 में होने वाली हज यात्रा के लिए भारत सरकार ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

जानकारी के अनुसार कोरोना की वजह से हज 2020 पर ना जा पाने वाले 1 लाख 23 हजार लोगों के 2100 करोड़ रुपए बिना किसी कटौती के वापस कर दिए गए हैं। वहीं सऊदी अरब सरकार ने 2018-19 के हज यात्रियों के यातायात के लगभग 100 करोड़ रुपए वापस किए हैं। बता दें कि भारत से औसतन हर साल लगभग दो लाख लोग हज के लिए सऊदी अरब जाते हैं।

–आईएएनएस


एमएसके-एसकेपी

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)