हॉकी विश्व कप : न्यूजीलैंड को क्रॉसओवर में हराकर क्वार्टर फाइनल में इंग्लैंड

  • Follow Newsd Hindi On  

भुवनेश्वर, 10 दिसम्बर (आईएएनएस)| इंग्लैंड ने अपनी आखिरी कोशिश में एड़ी-चोटी का जोर लगाकर सोमवार को खेले गए क्रॉसओवर मैच में न्यूजीलैंड को हराकर ओडिशा हॉकी विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। कलिंगा स्टेडियम में इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को 2-0 से हराया। इंग्लैंड के लिए विल क्लानन तथा ल्यूक टेलर ने गोल किए।

अपनी क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने की उम्मीद के लिए किए गए प्रयास में वर्ल्ड नम्बर-7 इंग्लैंड गोल करने की काफी कोशिश कर रही थी लेकिन न्यूजीलैंड के डिफेंस को भेद नहीं पा रही थी।


ऐसे में 25वें मिनट में फिल रोजर किसी तरह अकेले गेंद को न्यूजीलैंड के गोल पोस्ट के पास लेकर गए और उन्होंने उसे विल क्लानन को पास कर दी, जिन्होंने इसे भुनाते हुए इंग्लैंड का खाता खोला। इसके साथ इंग्लैंड ने कोई भी गोल न खाते हुए 1-0 की बढ़त के साथ पहले हाफ का समापन किया।

दूसरे हाफ में डिफेंस को मजबूत रखते हुए इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड पर अपना दबदबा जारी रखा। इसी बीच, पिछले तीन पेनाल्टी कॉर्नर को भुना पाने में असफल रहने के बाद इंग्लैंड ने चौथे पेनाल्टी कॉर्नर पर सफलता हासिल की।

इंग्लैंड के इस पेनाल्टी कॉर्नर को ल्यूक टेलर ने सफल किया और अपनी टीम को 2-0 की बढ़त दे दी। आखिरी 15 मिनटों में न्यूजीलैंड गोल करने का हर भरसक प्रयास कर रही थी लेकिन उसे मौका नहीं मिल पा रहा था।


इसी कारण अंत में उसे इंग्लैंड से 2-0 से हार का सामना करना पड़ा। इंग्लैंड का सामना अब क्वार्टर फाइनल में 12 दिसम्बर को अर्जेटीना से होगा।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)