हरियाणा में मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेगी आप

  • Follow Newsd Hindi On  

नई दिल्ली, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद और हरियाणा प्रभारी सुशील गुप्ता ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के करनाल स्थित आवास का घेराव करने की बात कही है। आम आदमी पार्टी ने फैसला किया है कि पार्टी का किसान प्रकोष्ठ रविवार सुबह 11 बजे घेराव करेगा।

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता ने कहा, “आम आदमी पार्टी, केंद्र सरकार द्वारा पारित किसान विरोधी और मजदूर विरोधी कानूनों के खिलाफ लड़ रही है। हरियाणा में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर हमेशा कटाई का समय आने पर एंटीफ्रेमर स्टैंड लेते हैं।”


गुप्ता ने कहा, ” ‘आप’ किसान और मजदूर विरोधी कानूनों के खिलाफ लड़ रही है। हम सड़कों पर लड़ रहे हैं और संसद के अंदर भी इन बिलों के खिलाफ लड़ रहे हैं। हरियाणा में आज, किसानों को धान की फसल बेचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। हरियाणा में, एक एकड़ में लगभग 1500 से 2000 किलोग्राम बाजरा का उत्पादन होता है। यहां किसान विरोधी नीतियों के कारण किसानों को पूरा दाम नहीं मिल रहा है।”

आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया कि, “पोर्टल, ई-भुगतान, पंजीकरण, मंडी के गेट पास और अन्य तरीकों से किसानों को लगातार परेशान किया जा रहा है। पिछले 15 दिनों में किसानों को सड़कों पर उतरना पड़ा। आम आदमी पार्टी ने फैसला किया है कि उनका किसान सेल रविवार सुबह 11 बजे हरियाणा के मुख्यमंत्री शमनोहर लाल खट्टर के करनाल स्थित आवास पर घेराव करेगा। दिल्ली से भी आप के कार्यकर्ता इस विरोध प्रदर्शन में भाग लेने के लिए हरियाणा पहुंच रहे हैं।”

गुप्ता ने कहा, “हरियाणा और पंजाब कृषि प्रधान राज्य हैं, जहां 70 प्रतिशत से अधिक लोग प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से कृषि से जुड़े हुए हैं। ये दोनों ऐसे राज्य हैं, जहां किसानों को 60 प्रतिशत फसल पर एमएसपी मिलता है। इसी समय, अन्य राज्यों में केवल छह प्रतिशत अनाज एमएसपी पर बेचा जाता है। लेकिन अब इन अध्यादेशों के माध्यम से, केंद्र सरकार हरियाणा और पंजाब की मंडी प्रणाली को समाप्त करना चाहती है। बिहार में किसानों के पास अच्छी भूमि है, खेती के लिए अच्छा पानी मिलता है और अच्छी फसल भी पैदा करते हैं। लेकिन अपनी फसल पर एमएसपी की कमी के कारण, किसानों को काम करने के लिए हरियाणा और पंजाब आना पड़ता है।”


–आईएएनएस

जीसीबी/एएनएम

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)