हरियाणा में निर्दलीय विधायकों के साथ सरकार बनाने को तैयार भाजपा

  • Follow Newsd Hindi On  

 नई दिल्ली, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)| हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को दागी विधायक गोपाल कांडा और सात अन्य निर्दलीय विधायकों ने सरकार बनाने के लिए अपना समर्थन दे दिया है।

 भाजपा ने 90 सदस्यीय हरियाणा विधानसभा चुनाव में 40 सीटों पर जीत दर्ज की है और वह बहुमत के जादुई आंकड़े से छह सीट पीछे रह गई है।


रिपोर्ट्स बताती हैं कि मनोहर लाल खट्टर शुक्रवार शाम को ही निर्दलीय विधायकों के समर्थन से सरकार बनाने का दावा कर सकते हैं।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा की कांग्रेस सरकार में काम कर चुके पूर्व मंत्री गोपाल गोयल कांडा के अलावा धर्मपाल गोंडन, नयनपाल रावत, सोमवीर सांगवान, राकेश दौलताबाद, रणधीर गौंदल, बलराज कुंडू और रंजीत चौटाला ने भाजपा सरकार को अपना समर्थन दिया है।

कांडा (53) ने गुरुवार की देर शाम दिल्ली के लिए एक चार्टर्ड विमान से उड़ान भरी और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ बैठक की।


कांडा कथित तौर पर दो महिलाओं को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के मामले में सुर्खियों में रह चुके हैं। अब उन्होंने इन चुनावों में किंगमेकर के तौर पर वापसी की है। सूत्रों का कहना है कि कांडा ही निर्दलीयों का नेतृत्व कर रहे हैं।

एयर होस्टेस गीतिका की मौत के छह महीने बाद ही उसकी मां ने भी आत्महत्या कर ली थी। उसने कांडा और उसके सहयोगी को उसकी बेटी की आत्महत्या के लिए जिम्मेदार ठहराया था।

इस मामले में कांडा डेढ़ साल तक जेल में रहे और उन्हें मार्च 2014 में जमानत दे दी गई। दिल्ली हाई कोर्ट ने उनके खिलाफ लगाए गए दुष्कर्म के मामले को हटा दिया था।

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)