हरियाणा: टिकट वितरण में चूक ने भाजपा को किया बहुमत से दूर!

  • Follow Newsd Hindi On  

 नई दिल्ली, 25 अक्टूबर, (आईएएनएस)| हरियाणा विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पिछली बार से कमजोर प्रदर्शन के पीछे टिकट वितरण में चूक भी प्रमुख वजह बताई जा रही।

  गलत रिपोर्ट पर पार्टी के जिन मजबूत दावेदारों का टिकट कटा, वे बागी होकर चुनाव मैदान में उतरे और जीत हासिल कर उन्होंने पार्टी नेतृत्व के फैसले को गलत साबित कर दिया। पार्टी सूत्रों का कहना है कि भाजपा ने टिकट के दावेदार स्थानीय नेताओं लेकर जो रिपोर्ट तैयार की, उसमें कई स्तर की गड़बड़ियां रहीं। जिससे सही प्रत्याशियों का चयन न होने पर पार्टी को नुकसान उठाना पड़ा।


मिसाल के तौर पर दादरी विधानसभा सीट से भाजपा ने टिकट के प्रबल दावेदार सोमवीर सांगवान पर सेलिब्रिटी ‘दंगल गर्ल’ रेसलर बबीता फोगाट को तरजीह दी। नाराज सोमवीर बागी होकर चुनाव मैदान में उतरे और निर्दलीय जीतकर पार्टी के फैसले को गलत साबित कर दिया। अब सोमवीर सरकार बनाने में भाजपा के साथ खड़े हैं।

इसी तरह पुंडरी विधानसभा सीट से भाजपा के बागी रणधीर सिंह गोलन जीते। टिकट न मिलने पर निर्दलीय उतरे गोलन ने भाजपा और कांग्रेस को धराशायी करते हुए 13 हजार से अधिक वोटों से धमाकेदार जीत दर्ज की। पृथला से नयनपाल रावत और महम से निर्दलीय जीतने वाले बलराज कुंडू भी भाजपा के ही नेता रहे हैं।

रेवाड़ी में भी केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत की सिफारिश पर नए चेहरे पर दांव लगाना भाजपा को महंगा पड़ा। यहां प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद यादव सहित कई संगठन से जुड़े दावेदार थे। सूत्र बताते हैं कि अगर भाजपा ने हरियाणा में स्थानीय नेताओं की जनता में पकड़ का सही आकलन कर टिकट बांटा होता तो फिर पिछली बार का प्रदर्शन दोहराया जा सकता था।


(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)